CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर एयरपोर्ट की 10 किमी परिधि में 41 वेस्ट डंप साइट चिन्हांकित, सफाई और प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 21 अगस्त 2026

रायपुर एयरपोर्ट की 10 किलोमीटर परिधि में वेस्ट डंप साइटों के चिन्हांकन, सफाई और समुचित प्रबंधन की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विमानन एवं पर्यावरण प्रबंधन समिति की 13 अगस्त को हुई बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में कुल 41 स्थानों को वेस्ट डंप साइट के रूप में चिन्हांकित किया गया है।

प्रशासन ने चिन्हांकित सभी स्थलों की जियो-टैग लोकेशन, अक्षांश (Latitude) और देशांतर (Longitude) सहित सूची तैयार की है। इससे प्रत्येक स्थल की सटीक पहचान के साथ स्थलवार निगरानी और सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जा सकेगा।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन के निर्देश पर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), रायपुर की जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीमें 21 अगस्त को चिन्हांकित स्थलों का स्थल निरीक्षण और सर्वेक्षण कर रही हैं।

सर्वेक्षण के दौरान प्रत्येक स्थल की वर्तमान स्थिति, कचरे की मात्रा और सफाई की आवश्यकता का आकलन किया जा रहा है। इसके आधार पर संबंधित स्थलों की सफाई, कचरा प्रबंधन और भविष्य में दोबारा कचरा डंपिंग रोकने के लिए स्थलवार कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

इसी क्रम में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने विभिन्न चिन्हांकित स्थलों का भ्रमण कर मौके पर चल रही कार्रवाई का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं मैदानी अमले को चिन्हांकित स्थलों की प्रभावी सफाई, उचित कचरा प्रबंधन और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य एयरपोर्ट क्षेत्र के आसपास स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ अनियंत्रित कचरा डंपिंग पर प्रभावी रोक लगाना और विमानन सुरक्षा एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप क्षेत्र का समुचित प्रबंधन सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest