बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर ₹14.97 लाख की धोखाधड़ी, दूसरा आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर , 21/08/2026
थाना गंज पुलिस ने बैंक खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलकर करीब ₹14.97 लाख की धोखाधड़ी के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश येड़े पिता कृष्णा, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम उमरी, पोस्ट मोहझारी, थाना लांजी, जिला बालाघाट, मध्यप्रदेश, हाल निवासी एकता नगर, जनता कॉलोनी, गुढ़ियारी, रायपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रकरण थाना गंज के अपराध क्रमांक 246/2026 तथा धारा 316(5) भारतीय न्याय संहिता, 2023 के तहत दर्ज है। मामले में एक्सिस बैंक के ग्राहक सुषमा कुमार के खाते से उनकी जानकारी और अनुमति के बिना ₹14,97,451.32 की राशि ट्रांसफर एवं विड्रॉल किए जाने की शिकायत सामने आई थी।
फर्जी दस्तावेज से बदला गया मोबाइल नंबर
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने कम सक्रिय बैंक खाते को चिन्हित कर फर्जी कस्टमर एप्लिकेशन फॉर्म के माध्यम से खाते में लिंक मोबाइल नंबर बदलवाया। इसके बाद मोबाइल बैंकिंग के जरिए ट्रांजेक्शन लिमिट बढ़ाई गई और खाते की एफडी क्लोज कर दी गई।
पुलिस के मुताबिक, एफडी से प्राप्त राशि को योगेश येड़े के ‘इंडियन सेल्स’ नामक खाते में ट्रांसफर किया गया। इसके बाद पंडरी स्थित एक्सिस बैंक शाखा से सेल्फ चेक के माध्यम से राशि कैश के रूप में निकाली गई।
बैंक के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर की पहले हो चुकी है गिरफ्तारी
मामले की जांच में एक्सिस बैंक की देवेंद्र नगर शाखा, फाफाडीह के तत्कालीन डिप्टी मैनेजर कुलदीप सिंह बिसेन की भूमिका सामने आने पर पुलिस द्वारा उसे पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।
विवेचना के दौरान पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड, ट्रांजेक्शन डिटेल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इन साक्ष्यों के आधार पर योगेश येड़े की भूमिका सामने आने के बाद उसकी पतासाजी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते में धोखाधड़ी की रकम ट्रांसफर की गई थी, जिसे बाद में कैश के रूप में निकाला गया।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
योगेश येड़े को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
मामले में अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका और धोखाधड़ी की रकम से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।


