₹16 लाख हड़पने के मामले में करीब दो साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर,21/08/2026
रायपुर। फरार वारंटियों और लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए रायपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत मौदहापारा थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने ₹16 लाख की राशि हड़पने के मामले में करीब दो वर्ष से फरार चल रहे आरोपी अमित सिंह (41) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 173/2024 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 408 में मामला दर्ज है। आरोपी नमन डिस्ट्रीब्यूटर्स, शारदा चौक में वर्कर एवं कलेक्शन एजेंट के रूप में कार्यरत था।
दिनांक 24 मई 2024 को दुकान संचालक ने आरोपी को यूको बैंक में जमा कराने के लिए दुकान की कलेक्शन राशि ₹1 लाख तथा दिल्ली से आए व्यापारी संजय वर्मा से प्राप्त ₹15 लाख, कुल ₹16 लाख सौंपे थे। आरोप है कि आरोपी ने उक्त राशि बैंक में जमा नहीं कराई और रकम अपने पास रखकर फरार हो गया।
इस मामले में 27 मई 2024 को अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान 19 अगस्त 2026 की देर रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मौदहापारा थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमित सिंह को रायपुर रेलवे स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा फरार वारंटियों एवं लंबे समय से फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी है। पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की पतासाजी कर उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।



