ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार, मोदी सरकार ने दिया संवैधानिक अधिकार : अरुण साव
📡36garhnewsupdate.com

जांजगीर-चांपा। 20/08/2026
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि ओबीसी समाज देश की मजबूती का आधार है। गांव-गांव में मेहनत और परिश्रम के जरिए देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पिछड़ा वर्ग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का अवसर दिया है।
उप मुख्यमंत्री साव गुरुवार को जांजगीर-चांपा के जिला पंचायत परिसर स्थित ऑडिटोरियम में भाजपा ओबीसी मोर्चा द्वारा आयोजित प्रबुद्धजन सम्मान एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का सम्मान किया और कार्यकर्ताओं से अपनी प्रतिभा एवं क्षमताओं का उपयोग प्रदेश और देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए करने का आह्वान किया।
साव ने कहा कि लंबे समय तक कांग्रेस ने पिछड़ा वर्ग को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल किया और पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा नहीं दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर पिछड़ा वर्ग को सम्मान और अधिकार देने का काम किया। उन्होंने कहा कि पिछड़ा वर्ग समाज से आने वाला व्यक्ति आज देश के प्रधानमंत्री के पद पर है, जो सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जीवन में बड़ा बदलाव आया है। गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के साथ ही आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंदों को स्वास्थ्य सुरक्षा दी गई है। साव ने कहा कि गांव, गरीब और किसान के लिए आजादी के बाद सबसे अधिक काम भाजपा सरकार ने किया है। देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और वैश्विक स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार देश की संस्कृति और सनातन आस्था से जुड़े स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दे रही है। काशी, अयोध्या और उज्जैन में धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विकास इसका उदाहरण है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न स्थलों के विकास पर काम किया जा रहा है। कवर्धा के भोरमदेव मंदिर में लगभग 150 करोड़ रुपये की लागत से कॉरिडोर निर्माण तथा डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में प्रसाद योजना के तहत विकास कार्य किए जा रहे हैं।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि समाज के लोगों को एक-दूसरे की मदद के लिए आगे आना चाहिए। बदलते समय के अनुरूप आने वाली पीढ़ी को तैयार करना आवश्यक है। युवाओं और महिलाओं को सक्षम एवं आत्मनिर्भर बनाने के साथ कृषि, व्यापार और शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले लोगों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सम्मेलन में सांसद कमलेश जांगड़े, विधायक सुशांत शुक्ला, वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन अध्यक्ष एवं ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंदूलाल साहू, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री साव ने कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास को गति देने में योगदान देने का आह्वान किया।



