CHHATTISGARHnewsraipur

मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस से जुड़ रहे अधिकारी-कर्मचारी

📡36garhnewsupdate.com

बीईओ आरंग के नेतृत्व में 457 अधिकारी-कर्मचारियों ने ली इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता

रायपुर, 18 अगस्त 2026

मानवता की सेवा और जरूरतमंदों की सहायता के उद्देश्य से रायपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लगातार सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। कलेक्टर एवं जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में जिले के अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़कर समाजसेवा में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।

इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) आरंग दिनेश शर्मा के नेतृत्व में 457 अधिकारी-कर्मचारियों ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता ग्रहण की। इनमें 7 आजीवन सदस्य तथा 450 वार्षिक सदस्य शामिल हैं। मंगलवार को जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बीईओ दिनेश शर्मा से सदस्यता राशि ग्रहण की।

इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. सिंह ने रेडक्रॉस की सदस्यता लेने वाले सभी अधिकारी-कर्मचारियों की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि मानव सेवा के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा भावना को मजबूत करता है। उन्होंने जिले के अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों से इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता लेकर जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनने का आह्वान किया।

आपदा और संकट में सेवा का माध्यम है रेडक्रॉस

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानवतावादी एवं समाजसेवी संस्था है, जो आपदा और संकट की परिस्थितियों में पीड़ितों की सहायता के लिए कार्य करती है। संस्था द्वारा भूकंप, आग, बाढ़ और सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के साथ प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान और रक्तदान शिविर जैसी गतिविधियां संचालित की जाती हैं।

रेडक्रॉस सोसाइटी से जुड़ने के लिए विभिन्न श्रेणियों में सदस्यता का प्रावधान है। संरक्षक सदस्यता के लिए 25 हजार रुपये, उप संरक्षक सदस्यता के लिए 12 हजार रुपये, आजीवन सदस्यता के लिए 1 हजार रुपये तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

कार्यक्रम में निगम आयुक्त संबित मिश्रा, सीईओ जिला पंचायत कुमार बिश्वरंजन, सीएमएचओ डॉ. मिथलेश चौधरी सहित जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest