स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा तिल्दा-नेवरा अंचल
📡 36garhnewsupdate.com...

📡 स्कूलों, चौक-चौराहों, कार्यालयों और पंचायतों में शान से लहराया तिरंगा, वीर शहीदों को किया नमन…
तिल्दा-नेवरा, छत्तीसगढ़। 17 अगस्त 2026
✍️… शैलेश सिंह राजपूत
स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर रायपुर जिला क्षेत्र के तिल्दा-नेवरा अंचल राष्ट्रभक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर नजर आया, नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विद्यालयों, चौक-चौराहों, शासकीय कार्यालयों एवं ग्राम पंचायतों में गरिमापूर्ण समारोह आयोजित कर राष्ट्रध्वज फहराया गया, इस दौरान देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करनें वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिल्दा-नेवरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा, विभिन्न स्थानों पर ध्वजारोहण के साथ देश की एकता, अखण्डता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प दोहराया गया, विद्यालयों में विद्यार्थियों नें प्रभात फेरी निकालकर राष्ट्रभक्ति के नारों से वातावरण को देशप्रेम से ओतप्रोत कर दिया, ध्वजारोहण समारोहों में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
📡 ग्राम पंचायत बिलाड़ी में भी दिखा उत्साह…
नगर से लगे ग्राम पंचायत बिलाड़ी में विद्यालय, पंचायत भवन एवं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में हर्षोल्लास के साथ ध्वजारोहण किया गया, पंचायत भवन में पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में सरपंच दुलौरिन गौरसिंह ध्रुव नें राष्ट्रध्वज फहराया, वहीं प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में प्राधिकृत भागबली साहू नें समिति प्रबंधक विष्णु प्रसाद वर्मा एवं उपस्थित सदस्यों के साथ तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस की गरिमा बढ़ाई।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत सरोरा में सरपंच उमेश्वरी विश्राम साहू, ग्राम पंचायत परसदा में सरपंच मेघनाद मार्कंडेय, ग्राम पंचायत सांकरा में सरपंच पूर्णिमा एवं पटेल तथा ग्राम बरतोरी में सरपंच पुष्पा सुमित सिंह ठाकुर नें पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में राष्ट्रध्वज फहराया, सभी स्थानों पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और शौर्य को स्मरण करते हुए देश की प्रगति एवं एकता के लिए संकल्प लिया गया।

📡 नन्हीं बच्ची के हाथों फहराया तिरंगा, दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश…
स्वतंत्रता दिवस समारोह की एक भावुक एवं प्रेरणादायी झलक तिल्दा-नेवरा में देखनें को मिली, जहां स्थानीय पत्रकारों द्वारा महज तीन वर्षीय नन्हीं बच्ची के हाथों राष्ट्रध्वज फहराया गया, इस पहल के माध्यम से नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के संस्कार विकसित करनें का संदेश दिया गया।
नन्हे हाथों से लहराता तिरंगा पूरे वातावरण में देशभक्ति की भावना को और गहरा कर गया, यह दृश्य इस बात का प्रतीक बना कि देश का भविष्य आज के बच्चों में सुरक्षित है और उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना जगाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
📡 तिरंगे की शान में गूंजा राष्ट्रप्रेम…
पूरे तिल्दा-नेवरा अंचल में दिनभर राष्ट्रगान, देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान के बीच स्वतंत्रता दिवस की खुशियां मनाई गईं। नगर और गांवों में जगह-जगह लहराता राष्ट्रध्वज तथा लोगों के चेहरों पर नजर आया उत्साह आजादी के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र के प्रति सम्मान की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर रहा था।




