जांजगीर-चांपा में हर्षोल्लास से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस
📡36garhnewsupdate.com

मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने किया ध्वजारोहण, परेड की ली सलामी; उत्कृष्ट सेवाओं के लिए अधिकारी-कर्मचारी सम्मानित
जांजगीर-चांपा, 15 अगस्त 2026
जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला मुख्यालय जांजगीर के शासकीय हाईस्कूल मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा, रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली।

मुख्य अतिथि मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री के जनता के नाम संदेश का वाचन किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान तिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं उत्कृष्ट कार्य एवं सेवाओं के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
स्वतंत्रता दिवस समारोह में विभिन्न विद्यालयों एवं संस्थाओं के दलों ने परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। परेड के सीनियर वर्ग में जिला पुलिस बल जांजगीर ने प्रथम स्थान हासिल किया। एनसीसी बालिका, टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को द्वितीय तथा एनसीसी बालक, टीसीएल महाविद्यालय जांजगीर को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
जूनियर वर्ग की परेड में एनसीसी ज्ञानदीप उमावि जांजगीर प्रथम, एनसीसी 325 ट्रूप शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजगीर बालक द्वितीय तथा एनसीसी सेजेस क्रमांक-1 बालिका जांजगीर तृतीय स्थान पर रहा।
गाइड दल में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गट्टानी जांजगीर ने प्रथम तथा शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय जांजगीर ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय हरदी ने प्रथम स्थान हासिल किया। ज्ञानदीप उमावि जांजगीर को द्वितीय तथा सेजेस चांपा को तृतीय स्थान मिला। विद्यार्थियों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने समारोह में उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने पीएमश्री स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 जांजगीर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों को दी श्रद्धांजलि
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने जिला मुख्यालय के कचहरी चौक स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर अमर जवानों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें नमन किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में विधायक जांजगीर-चांपा ब्यास कश्यप, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, पूर्व विधायक मोतीलाल देवांगन एवं चुन्नीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम सहित जिला पंचायत सदस्य, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सतीश सिंह एवं दीपक यादव ने किया।



