कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने स्कूलों का किया औचक निरीक्षण, ब्लैकबोर्ड पर पढ़ाकर समझाया ‘रियल नंबर्स’
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 3 अगस्त 2026।
जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने सोमवार को सारंगढ़ एवं बिलाईगढ़ विकासखंड के विभिन्न शासकीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की अध्ययन क्षमता, पुस्तक वाचन, गणित एवं अंग्रेजी विषय की समझ का आकलन किया। निरीक्षण के बाद उन्होंने भटगांव तहसील कार्यालय एवं उप पंजीयक कार्यालय का भी जायजा लेकर शासकीय कार्यों की समीक्षा की।

सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय हाईस्कूल कटेली में कलेक्टर ने कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों से हिंदी पाठ का वाचन कराया तथा कहानी ‘गुल्ली-डंडा’ के लेखक के संबंध में प्रश्न पूछे, जिसका विद्यार्थियों ने सही उत्तर देते हुए प्रेमचंद का नाम बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से छत्तीसगढ़ी लोकगीत, संस्कृत सुभाषित और विभिन्न विषयों की पढ़ाई की प्रगति की जानकारी भी ली। कक्षा शिक्षक से पाठ्यक्रम की स्थिति पूछने पर बताया गया कि चार पाठ पूर्ण हो चुके हैं। विद्यार्थियों के पसंदीदा विषयों पर चर्चा के दौरान अधिकांश ने गणित और हिंदी को अपनी पसंद बताया।
कलेक्टर ने घोषणा की कि जिले के सभी विद्यालयों में प्रत्येक माह के प्रथम सोमवार को सामूहिक पुस्तक वाचन गतिविधि आयोजित की जाएगी, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ने की आदत, भाषा दक्षता और अध्ययन के प्रति रुचि विकसित हो सके।

इसके बाद कलेक्टर ने बिलाईगढ़ विकासखंड स्थित सेजेस स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पवनी का निरीक्षण किया। उन्होंने स्मार्ट क्लास का अवलोकन किया तथा विभिन्न कक्षाओं में विद्यार्थियों से विषयवार प्रश्न पूछे। कक्षा 10वीं के गणित विषय के ‘रियल नंबर्स’ अध्याय से संबंधित प्रश्न ब्लैकबोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों से हल कराया। संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर उन्होंने स्वयं ब्लैकबोर्ड पर सरल तरीके से प्रश्न समझाया और संबंधित शिक्षक को कमजोर विद्यार्थियों के लिए अलग से बेसिक कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कक्षा 12वीं की गणित एवं बायोलॉजी तथा कक्षा 10वीं की अंग्रेजी कक्षाओं का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से अंग्रेजी पाठ का वाचन कराकर उनकी रीडिंग क्षमता का परीक्षण किया तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष अभ्यास कराने के निर्देश दिए।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिलाईगढ़ में कलेक्टर ने छात्राओं से एचपीवी टीकाकरण की जानकारी ली और पात्र छात्राओं का अभिभावकों की सहमति से अधिक से अधिक टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। यहां भी उन्होंने पुस्तक वाचन गतिविधि एवं अंग्रेजी विषय की रीडिंग का परीक्षण किया और भाषा दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
विद्यालयों के निरीक्षण के बाद कलेक्टर ने भटगांव तहसील कार्यालय का निरीक्षण कर लोक सेवा केंद्र, नकल शाखा एवं कानूनगो शाखा के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आरबीसी 6-4 प्रकरणों, स्वामित्व योजना एवं अन्य राजस्व मामलों की प्रगति की जानकारी ली। उप पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं कार्यालयीन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने अधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि विद्यार्थियों की बुनियादी शिक्षा, भाषा दक्षता, गणितीय समझ और नियमित पुस्तक वाचन पर विशेष ध्यान दिया जाए। कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) प्रफुल रजक, तहसीलदार कमलेश सिदार, विकासखंड शिक्षा अधिकारी सत्यनारायण साहू, नरेश चौहान सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


