दो किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
📡 36garhnewsupdate.com...

📡 रायपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तेलीबांधा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी पर कसा शिकंजा…
रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना तेलीबांधा पुलिस एवं एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) नें संयुक्त कार्रवाई करते हुए 02 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस आयुक्त रायपुर तथा पुलिस उपायुक्त (मध्य जोन) के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त, मध्य जोन (सिविल लाइन) के मार्गदर्शन में मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, इसी क्रम में 30 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित मुक्तिधाम के पास दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा बिक्री के उद्देश्य से रखे हुए हैं।

सूचना की तस्दीक के बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर मौके से दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया, पूछताछ में आरोपियों नें अपनी पहचान गोलू कुलहरिया (28 वर्ष), पिता समन कुलहरिया तथा सुजीत दिवरा (20 वर्ष), पिता सुभाष दिवरा, दोनों निवासी सुभाष नगर, देवारपारा, थाना तेलीबांधा, रायपुर के रूप में बताई।
पुलिस ने विधिवत तलाशी एवं स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में आरोपियों के कब्जे से पीले रंग की पॉलीथिन में रखा कुल 02 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन कराने के बाद गांजा को आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया के तहत जब्त कर सीलबंद किया गया तथा परीक्षण हेतु नमूना सुरक्षित रखा गया।

इस मामले में थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 324/2026 के तहत धारा 20(बी), नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, इसके बाद उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, मामले की विवेचना जारी है।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, पुलिस नें स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान भविष्य में भी लगातार, प्रभावी एवं सख्ती के साथ जारी रहेगा।




