मोटरसाइकिल चोरी का खुलासा: तीन आरोपी व एक खरीददार गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़, 20 जुलाई।
सारंगढ़ पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों और चोरी की बाइक खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
प्रार्थी चंद्र प्रकाश निषाद (22 वर्ष), निवासी ग्राम सरायपाली, चौकी कनकबीरा, थाना सारंगढ़ ने 8 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 जुलाई की रात उनके घर के आंगन में खड़ी हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BK 3938, जिसकी कीमत लगभग 65 हजार रुपये है, अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
रिपोर्ट पर चौकी कनकबीरा में अपराध क्रमांक 324/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे तथा एसडीओपी स्नेहिल साहू के मार्गदर्शन में आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रेंजर पारा सारंगढ़ निवासी राहुल साहनी ने एक चोरी की मोटरसाइकिल बसना में बेची है। पुलिस ने राहुल साहनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने साले अर्जुन बाग और उसके दोस्त नूतन भोई, निवासी झिलमिला थाना सरायपाली, के साथ मिलकर 7 जुलाई की रात मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अन्य आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तथा मेमोरेंडम लिया। इसके बाद खरीददार मोहम्मद सलीम जावेद के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर जप्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों को 20 जुलाई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर मामले में धारा 317(2) एवं 3(5) बीएनएस जोड़ते हुए न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
इस कार्रवाई में सउनि टीकाराम खटकर, चौकी प्रभारी कनकबीरा, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, भीमसेन सिदार, आरक्षक कुंज बिहारी निराला तथा पुषेंद्र कुर्रे की विशेष भूमिका रही।


