CHHATTISGARHRajnandgaonजशपुर पत्थलगांव

हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह का जशपुर दौरा, अगले वर्ष होगी जूनियर बालिका राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता

📡 36garhnewsupdate.com...

एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम का किया निरीक्षण, खिलाड़ियों से संवाद; 100 हॉकी स्टिक और 100 बॉल देने की घोषणा…

जशपुरनगर/राजनांदगाँव। हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह शनिवार को निजी प्रवास पर जशपुर पहुंचे। उन्होंने सर्वप्रथम प्रसिद्ध सोगड़ा आश्रम में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फ़िरोज़ अंसारी के आग्रह पर जशपुर स्थित एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम पहुंचे, जहां खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और जिले में हॉकी के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

स्टेडियम पहुंचने पर खिलाड़ियों, छत्तीसगढ़ हॉकी तथा जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनकी तैयारियों, अभ्यास और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।

भोलानाथ सिंह ने कहा कि जशपुर हॉकी प्रतिभाओं की उर्वर भूमि है, जहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर अवसर, आधुनिक प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन निरंतर उपलब्ध कराए जाएं तो आने वाले समय में जशपुर देश को और अधिक उत्कृष्ट खिलाड़ी देगा।

उन्होंने जशपुर के एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान की सराहना करते हुए कहा कि यहां राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन की पूरी क्षमता मौजूद है। भारतीय हॉकी के समग्र विकास के लिए छोटे शहरों और आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच देना समय की आवश्यकता है।

✒️ अगले वर्ष जशपुर में होगी जूनियर बालिका राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता…

अपने संबोधन के दौरान हॉकी इंडिया के महासचिव ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि अगले वर्ष जशपुर में जूनियर बालिका राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता से स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास और खेल स्तर दोनों मजबूत होंगे।

✒️ 100 हॉकी स्टिक और 100 हॉकी बॉल देने का वादा…

भोलानाथ सिंह ने खिलाड़ियों के लिए एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि अपने अगले जशपुर दौरे पर वे अपनी ओर से 100 हॉकी स्टिक और 100 हॉकी बॉल खिलाड़ियों को भेंट करेंगे। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण खेल सामग्री खिलाड़ियों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है और हॉकी इंडिया जशपुर के खिलाड़ियों के हरसंभव सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर खिलाड़ियों ने भी महासचिव से खुलकर संवाद किया और अपनी आवश्यकताओं एवं भविष्य की योजनाओं से अवगत कराया। खिलाड़ियों ने उनके सहयोग और प्रोत्साहन के लिए आभार व्यक्त किया।

✒️ राष्ट्रीय प्रतियोगिता से बढ़ेगी हॉकी की लोकप्रियता…

गौरतलब है कि जशपुर लंबे समय से हॉकी का प्रमुख केंद्र रहा है और यहां से अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकले हैं। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में खेल की लोकप्रियता में कुछ कमी आई है। जिला हॉकी संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन से जिले में हॉकी को नई ऊर्जा मिलेगी और युवाओं का रुझान फिर से इस खेल की ओर बढ़ेगा।

इस अवसर पर जिला हॉकी संघ जशपुर के अध्यक्ष वाल्टर कुजूर, हॉकी रांची के अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, व्यायाम शिक्षक अंजलुस तिर्की, अनुग्रह कुजूर, नोवेल तिग्गा, सुप्रिया तिग्गा, शांति एक्का, विमल तिग्गा, गोवर्धन टोप्पो, सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक विलियम कुजूर सहित बड़ी संख्या में हॉकी खिलाड़ी, पदाधिकारी और खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest