सहारा इंडिया मामले में कार्रवाई की मांग, रायगढ़ कलेक्टर के नाम तहसीलदार को सौंपा गया ज्ञापन
📡 36garhnewsupdate.com


रायगढ़। सहारा इंडिया में निवेश करने वाले पीड़ित निवेशकों ने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई एवं निवेशकों की राशि वापस दिलाने की मांग को लेकर रायगढ़ कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि सहारा इंडिया के प्रबंधन एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि वर्षों से अपनी जमा पूंजी के लिए परेशान निवेशकों को न्याय मिल सके।
ज्ञापन में बताया गया कि बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी मेहनत की कमाई सहारा इंडिया की विभिन्न योजनाओं में निवेश की थी, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी उन्हें उनकी राशि वापस नहीं मिल सकी है। इससे हजारों परिवार आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से प्रमुख मांगें रखी गईं, जिनमें सहारा इंडिया के फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, महिला आरोपियों की संपत्तियों की जांच, आरोपियों की चल-अचल संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने, दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा कुर्क की गई संपत्तियों को नीलाम कर निवेशकों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।

निवेशकों ने प्रशासन से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि लंबे समय से अपनी जमा राशि की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में सहारा इंडिया के पीड़ित निवेशक उपस्थित रहे।



