भटगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में NQAS मूल्यांकन सफल, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि
36garhnewsupdate.com

भटगांव। जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के नेतृत्व तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पेंद्र वैष्णव के मार्गदर्शन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) का मूल्यांकन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मूल्यांकन प्रक्रिया का संचालन जिला NQAS नोडल कृष्ण पुरी गोस्वामी के निर्देशन में किया गया।

खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.के. जैसवाल, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अजय, ब्लॉक NQAS नोडल घनश्याम चंद्रा तथा प्रभारी कार्यक्रम प्रबंधक लकेश्वर सिंह बघेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप अपनी कार्यप्रणाली का प्रभावी प्रदर्शन किया।
NQAS मूल्यांकन का कार्य असेसर डॉ. आशीष के. यादव एवं डॉ. कृतिमान महंता द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली, स्वच्छता, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, रिकॉर्ड संधारण तथा टीमवर्क का विस्तृत निरीक्षण किया।

मूल्यांकन के दौरान चिकित्सा अधिकारी, नर्सिंग स्टाफ, फार्मेसी, लैब, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO), ग्रामीण चिकित्सा सहायक, सेक्टर सुपरवाइजर, आरएचओ, वार्ड स्टाफ एवं कार्यालयीन कर्मचारियों सहित समस्त टीम ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट टीमवर्क से मूल्यांकन प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि NQAS का उद्देश्य सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को सुनिश्चित करना है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव की टीम ने भविष्य में भी उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और राष्ट्रीय मानकों को बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।



