उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम: करतला के संकुल समन्वयकों का सम्मान, 100% साक्षर विकासखण्ड का लिया संकल्प
36garhnewsupdate.com

करतला/कोरबा। उल्लास नवभारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित साक्षरता महापरीक्षा मार्च 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विकासखंड करतला के संकुल समन्वयकों का सम्मान समारोह 1 जुलाई 2026 को विकासखंड स्रोत केंद्र करतला में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में साक्षरता अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सभी संकुल समन्वयकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे, जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा तथा पूर्व विकासखंड स्रोत समन्वयक अजय तिवारी उपस्थित रहे। अतिथियों ने संकुल समन्वयकों के समर्पण, मेहनत और जनभागीदारी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
विकासखंड करतला के सभी संकुल समन्वयकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत असाक्षर व्यक्तियों को साक्षरता महापरीक्षा में सम्मिलित कराकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इस उपलब्धि के लिए बरपाली, बेहरचुवा, बीरतराई, बोतली, चिचोली, चोरभट्टी, ढिठोरी, ढोढातराई, फरसवानी, फत्तेगंज, गिधौरी, जर्वे, कनकी, कराईनारा, करतला, कथरीमाल, केराकछार, खरवानी, कोथारी, कोटमेर, लबेद, नवापारा, नोनबिर्रा, नोनदरहा, पकरिया, पटियापाली, पिड़िया, रामपुर, सन्डेल, सरगबुंदिया, सेन्द्रीपाली, सोहागपुर, सुखरीकला, तुमान एवं उमरेली संकुल के समन्वयकों को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी संदीप पांडे ने कहा कि “साक्षरता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त माध्यम है। करतला के संकुल समन्वयकों ने अपने समर्पण और प्रतिबद्धता से साक्षरता अभियान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।”
जिला परियोजना अधिकारी श्रीमती ज्योति शर्मा ने सभी सम्मानित समन्वयकों को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही, विकासखंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में प्राप्त शत-प्रतिशत लक्ष्य के लिए सभी ने आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में विकासखंड परियोजना अधिकारी लोकनाथ सेन ने आभार प्रदर्शन किया। वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने उपस्थित सभी संकुल समन्वयकों को 100 प्रतिशत साक्षर विकासखंड के लक्ष्य को प्राप्त करने तथा साक्षर एवं सशक्त भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दिलाया।
📡 36garhnewsupdate.com…




