छत्तीसगढ़

धमतरी पुलिस की बड़ी सफलता: 48 घंटे में हत्या का खुलासा, आत्महत्या का रूप देने की साजिश बेनकाब; मां-बेटा गिरफ्तार

36garhnewsupdate.com

✒️ संवाददाता: गोविंदा सेन…

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में धमतरी पुलिस ने हत्या के एक संवेदनशील मामले का महज 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने हत्या के बाद शव को फांसी पर लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की थी, जिसे पुलिस की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित जांच ने विफल कर दिया।

यह मामला चौकी बिरेझर, थाना कुरूद क्षेत्र के ग्राम गोजी का है, जहां 29 जून 2026 को 23 वर्षीय नरसिंग साहू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर घटनास्थल का गहन निरीक्षण, वैज्ञानिक साक्ष्यों का संग्रह, गवाहों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के सूक्ष्म विश्लेषण के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

✒️ पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की मौत हाथ से गला दबाने और रस्सी से गला कसने के कारण श्वास अवरुद्ध होने से हुई है। डॉक्टरों ने मृत्यु की प्रकृति को हत्यात्मक बताया, जिसके बाद थाना कुरूद में हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई।

✒️ शराब के लिए पैसों को लेकर हुआ विवाद

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नरेश साहू (22 वर्ष) और मां कमला बाई साहू (60 वर्ष) से पूछताछ की। तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर की गई पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

आरोपियों के अनुसार, मृतक शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। पैसे नहीं मिलने पर विवाद और मारपीट हुई। इसी दौरान गुस्से में आकर दोनों ने पहले हाथ से गला दबाया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिला दिया।

✒️ आत्महत्या साबित करने की रची साजिश

हत्या के बाद पुलिस और परिजनों को गुमराह करने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव को फांसी पर लटका दिया, ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो। उन्होंने झूठी कहानी गढ़कर साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस की वैज्ञानिक जांच के सामने उनकी साजिश ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी।

✒️ हत्या सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज

पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना कुरूद के अपराध क्रमांक 199/2026 में धारा 103(1), 238 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

✒️ गिरफ्तार आरोपी

  1. नरेश साहू (22 वर्ष), पिता – दौवा राम साहू, निवासी ग्राम गोजी, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी।
  2. कमला बाई साहू (60 वर्ष), पति – दौवा राम साहू, निवासी ग्राम गोजी, चौकी बिरेझर, जिला धमतरी।

✒️ पुलिस का संदेश

धमतरी पुलिस ने कहा है कि गंभीर अपराधों की जांच निष्पक्ष, वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित तरीके से की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest