CHHATTISGARHSARANGARH-BILAIGARH

सतनामी विकास परिषद द्वारा कैरियर गाइडेंस एवं पुस्तकालय परिचय कार्यक्रम का सफल आयोजन, विद्यार्थियों को मिला विशेषज्ञों का मार्गदर्शन

36garhnewsupdate.com

 

सारंगढ़, 28 जून 2026

सतनामी विकास परिषद, सारंगढ़ के तत्वावधान में रविवार को सतनाम भवन, कुटेला में 12वीं उत्तीर्ण एवं महाविद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए कैरियर गाइडेंस एवं पुस्तकालय परिचय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार एवं कैरियर निर्माण के संबंध में सही मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यक्रम में समाज के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल कर चुके अतिथियों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए लक्ष्य निर्धारण, अनुशासित अध्ययन, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, व्यक्तित्व विकास तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

मुख्य वक्ताओं में डॉ. के. डी. खरे (एमबीबीएस, एमएस, एम.च. यूरोलॉजी), डॉ. लीना पुराइन खरे (एमबीबीएस, एमएस, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, एफएमएएस, डीएमएएस) तथा संविधान विशेषज्ञ एवं कैरियर मार्गदर्शक विनोद कोशले शामिल रहे। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को अपने अनुभव साझा करते हुए कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में कर्मन खटकर (सेवानिवृत्त उपसंचालक), सी. एस. सांडे (सेवानिवृत्त कृषि अधिकारी), एडवोकेट ऊधो राम कोशले, जिला पंचायत सदस्य विनोद भारद्वाज, बीईओ राम कुमार कोशले, भानु प्रभा जोलहे (महिला उपाध्यक्ष), नंद राम सुमन, त्रिरत्न बौद्ध महासंघ के अध्यक्ष बुंद राम कोशले, टी. आर. जांगड़े, शंकर जांगड़े, रोहित निराला, राजेश जांगड़े, बिसेसर खरे, बाबूलाल जांगड़े, सुरेश अनंत, कामेश्वर वारे, देवप्रकाश जोलहे, विजय हिरवानी, कमल बर्मन, अरुण लक्ष्मे एवं शोभा राम लक्ष्मे सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर परिषद द्वारा सतनाम भवन, कुटेला में स्थापित पुस्तकालय का परिचय भी कराया गया। परिषद ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विषयों की उपयोगी एवं उत्कृष्ट पुस्तकों की व्यवस्था की है, जिससे समाज के युवा गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समय प्रबंधन एवं भारतीय संविधान के मूल्यों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर के प्रेरक विचारों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि शिक्षा ही समाज के उत्थान, समानता और सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सतनामी विकास परिषद के अध्यक्ष बी. डी. भारद्वाज ने की। उन्होंने समाज के अभिभावकों एवं युवाओं से पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने तथा परिषद द्वारा भविष्य में आयोजित किए जाने वाले शैक्षणिक एवं मार्गदर्शन कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।

कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।

जारीकर्ता : सतनामी विकास परिषद, सारंगढ़

जिला – सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest