CHHATTISGARHलोरमी

वनांचल के आठ गांवों में उप मुख्यमंत्री अरुण साव की जनचौपाल, समस्याओं के समाधान के साथ विकास कार्यों की सौगात

36garhnewsupdate.com

 

लोरमी 28/06/2026

उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने अचानकमार वनांचल क्षेत्र के आठ ग्रामों का दौरा कर जनचौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए तथा 20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा की। इस दौरान कलेक्टर, वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने महिलाओं, किसानों और युवाओं से संवाद करते हुए विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी तथा ग्रामीणों से प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से अमल करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

श्री साव ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। उन्होंने शिवतराई-केवची एवं बिजराकछार-औरापानी सड़क निर्माण कार्यों की स्वीकृति मिलने की जानकारी देते हुए कहा कि वर्षा समाप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। साथ ही जनचौपाल में प्राप्त सभी आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

आठ गांवों में जनचौपाल, ग्रामीणों से किया सीधा संवाद

उप मुख्यमंत्री ने जमुनाही, जकड़बांधा, सुरही, बम्हनी, कटामी, छपरवा, बिंदावल और अचानकमार ग्रामों में जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।

20 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की घोषणा

जनचौपाल के दौरान श्री साव ने जमुनाही में सीसी रोड निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, जकड़बांधा में मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा गणेश पंडाल के लिए शेड निर्माण हेतु 3 लाख रुपये की घोषणा की। सुरही एवं बिंदावल में सीसी रोड निर्माण के लिए 5-5 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। इसके अलावा छपरवा और बिंदावल में हाईमास्ट लाइट स्थापना तथा बिंदावल की रामायण मंडली को वाद्य यंत्र उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। आठों गांवों की क्रिकेट टीमों को क्रिकेट किट भी प्रदान की गई।

बिजली, पानी और सड़क पर विशेष जोर

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वनांचल क्षेत्र के किसी भी गांव में बिजली और पेयजल की समस्या नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने जमुनाही में हैंडपंप स्थापना, पेयजल के लिए टैंकर व्यवस्था एवं सड़क मरम्मत, कटामी में सोलर बैटरी बदलने, नए हैंडपंप तथा विद्यालय में ट्यूबवेल खुदाई, छपरवा में सोलर ट्यूबवेल एवं बिजली व्यवस्था सुधारने तथा बिंदावल में सोलर आधारित पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

जनचौपाल के दौरान विभिन्न हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। छपरवा में छात्राओं को खेल सामग्री, युवाओं को क्रिकेट किट तथा एक दिव्यांग युवक को ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बम्हनी में किसानों एवं महिलाओं को विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ की जानकारी दी गई। साथ ही विस्थापन प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता राशि उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिलाया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनचौपाल का उद्देश्य केवल समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर वनांचल क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest