33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 22 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री 40% झुलसा, मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप
36garhnewsupdate.com

थाने से सहयोग नहीं मिलने का आरोप, न्याय की गुहार लेकर एसपी से मिलेगा पीड़ित परिवार…
हरदीबाजार/कोरबा, छत्तीसगढ़। 23 जून 2026
हरदीबाजार क्षेत्र में एक गंभीर हादसे में 22 वर्षीय टाइल्स मिस्त्री 33 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। पीड़ित परिवार ने मकान मालिक पर लापरवाही और दबाव बनाकर खतरनाक परिस्थितियों में काम कराने का आरोप लगाया है। वहीं स्थानीय पुलिस से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने की बात कहते हुए अब परिवार जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की मांग करने की तैयारी में है।
✒️ दूसरी मंजिल पर काम के दौरान हुआ हादसा…
जानकारी के अनुसार, ग्राम बिटकुला, थाना एवं तहसील सीपत, जिला बिलासपुर निवासी अनुज रोहिदास (22 वर्ष) हरदीबाजार स्थित एक मकान में टाइल्स लगाने का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि 15 जून 2026 को दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच वह भवन की दूसरी मंजिल पर कार्य कर रहा था, जहां बालकनी के बेहद निकट से 33 केवी हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही थी।
परिजनों का आरोप है कि अनुज ने खतरे को देखते हुए उस स्थान पर काम करने से मना कर दिया था, लेकिन मकान मालिक द्वारा आश्वस्त किए जाने और काम जारी रखने के लिए दबाव बनाए जाने के बाद वह कार्य करने लगा। इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया।
✒️ 40 प्रतिशत तक झुलसा युवक…
हादसे के बाद घायल अनुज को तत्काल हरदीबाजार स्थित रामप्रसाद मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के अनुसार, उसके शरीर का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा झुलस गया है और उसे लगातार उपचार की आवश्यकता है।
✒️ इलाज का खर्च उठाने से पीछे हटने का आरोप…
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद शुरुआती दौर में मकान मालिक ने कुछ चिकित्सा खर्च वहन किया, लेकिन बाद में उसने जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया। वर्तमान में अनुज के बड़े भाई संदीप रोहिदास आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उसके उपचार और नियमित मरहम-पट्टी का खर्च उठा रहे हैं।
✒️ पुलिस की कार्यवाही पर सवाल…
परिजनों का आरोप है कि घटना के संबंध में शिकायत लेकर हरदीबाजार थाना पहुंचने के बावजूद उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिला। उनका कहना है कि घटना के नौ दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे परिवार में निराशा है।
✒️ एसपी से लगाएंगे न्याय की गुहार…
स्थानीय स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से असंतुष्ट पीड़ित परिवार अब जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मिलकर मामले की शिकायत करने की तैयारी कर रहा है। परिवार ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।
✒️ परिवार की प्रमुख मांगें…
- मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही के आरोपों की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाए।
- मामले में एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए।
- घायल युवक के उपचार का पूरा खर्च जिम्मेदार पक्ष से दिलाया जाए।
- गंभीर रूप से झुलसने और भविष्य में संभावित शारीरिक नुकसान को देखते हुए उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
पीड़ित के बड़े भाई संदीप रोहिदास का कहना है कि उनके भाई ने खतरे को देखते हुए काम करने से मना किया था, लेकिन दबाव में आकर उसे कार्य करना पड़ा। उन्होंने आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार में आ रही कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए प्रशासन से न्याय और सहायता की मांग की है।
(नोट: समाचार में लगाए गए आरोप पीड़ित परिवार के कथनों पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष एवं पुलिस प्रशासन का पक्ष प्राप्त होनें पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)



