दो दिनों में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 01 पोकलेन और 06 हाईवा वाहन जप्त
36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़। 23 जून 2026
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के निर्देश पर जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीते दो दिनों के दौरान खनिज अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन और छह हाईवा वाहनों को जप्त किया है।
खनिज विभाग की टीम ने सोमवार को सारंगढ़ तहसील क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए दो हाईवा वाहन क्रमांक CG-07-CR-7715 एवं CG-13-AQ-0321 को जप्त कर थाना सारंगढ़ के सुपुर्द किया।
इसके बाद मंगलवार को सारंगढ़ तहसील में पुनः निरीक्षण किया गया। इस दौरान गौण खनिज चूनापत्थर का अवैध परिवहन करते हुए पाए गए दो हाईवा वाहन क्रमांक CG-13-BB-2721 एवं CG-13-BB-2321 के विरुद्ध कार्रवाई कर उन्हें भी थाना सारंगढ़ में सुरक्षित रखा गया।

वहीं उप तहसील कोसीर अंतर्गत ग्राम पंचायत पासीद में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण रेत के अवैध उत्खनन में संलिप्त एक पोकलेन मशीन को जप्त कर ग्राम सरपंच की सुपुर्दगी में दिया गया। इसके साथ ही अवैध उत्खनन में लगे दो हाईवा वाहन क्रमांक CG-06-HD-6457 एवं CG-11-BK-6697 को जप्त कर थाना कोसीर के संरक्षण में रखा गया।
खनिज विभाग ने यह कार्रवाई छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम, 2015 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत की है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


