CHHATTISGARHRajnandgaon

छत्तीसगढ़ हॉकी ने उत्साहपूर्वक मनाया ओलंपिक दिवस, प्रदर्शन मैच में खेलो इंडिया सेंटर विजयी

36garhnewsupdate.com

राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। 23 जून 2026

हॉकी इंडिया, नई दिल्ली के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ हॉकी द्वारा मंगलवार को ओलंपिक दिवस का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया गया। इस अवसर पर खेलो इंडिया सेंटर और साई (SAI) के मध्य एक प्रदर्शन हॉकी मैच खेला गया, जिसमें खेलो इंडिया सेंटर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए साई को 2-0 से पराजित कर जीत दर्ज की।

मैच में खेलो इंडिया सेंटर की ओर से धनंजय यादव और प्राण साहू ने एक-एक गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की। मुकाबले के शुभारंभ अवसर पर जिला हॉकी संघ के सचिव शिवनारायण धकेता, नीलमचंद जैन, भूषण साव, खेलो इंडिया हॉकी कोच शकील अहमद, अनुराज श्रीवास्तव तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।

पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने ओलंपिक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आधुनिक ओलंपिक खेलों का पुनर्जन्म फ्रांस के बैरन पियरे डी कुबर्तिन के प्रयासों से हुआ। उनके प्रयासों से वर्ष 1894 में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) की स्थापना हुई और वर्ष 1896 में ग्रीस के एथेंस में पहले आधुनिक ओलंपिक खेलों का आयोजन किया गया।

उन्होंने बताया कि भारत ने पहली बार वर्ष 1900 के पेरिस ओलंपिक में भाग लिया था। भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक इतिहास में 8 स्वर्ण पदक जीतकर विश्व पटल पर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 23 जून को मनाया जाने वाला ओलंपिक दिवस खेल, स्वास्थ्य, फिटनेस और ओलंपिक मूल्यों के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश देता है।

इस अवसर पर प्रदर्शन मैच की विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर राज्य का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी छत्तीसगढ़ हॉकी के सौजन्य से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया।

समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में परमजीत सिंह (साई हॉकी कोच), शकील अहमद, वरिष्ठ हॉकी खिलाड़ी शेख महबूब शरीफ, आशीष सिन्हा, अभिनव मिश्रा, राजेश निर्मलकर, स्मृति सिंह (साई हॉकी कोच) तथा कृष्णा यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

ओलंपिक दिवस के इस आयोजन ने खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest