CHHATTISGARHKORBA

दीपका में शराब भट्टी शिफ्टिंग को लेकर बढ़ा विरोध, जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय की मांग

36garhnewsupdate.com

दीपका/कोरबा, छत्तीसगढ़। 23 जून 2026

नगर पालिका परिषद दीपका में शराब भट्टी के प्रस्तावित स्थानांतरण (शिफ्टिंग) को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। भट्टी को एक स्थान से हटाकर दूसरे घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थानांतरित किए जाने की संभावना के विरोध में वार्ड क्रमांक 1, 4, 5 एवं 6 के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मोर्चा खोल दिया है। इस मुद्दे पर मां समलाई मंदिर परिसर में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया तथा प्रशासन से जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय लेने की मांग की।

बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार नागरिकों ने स्पष्ट किया कि किसी भी वार्ड में बिना स्थानीय सहमति के शराब भट्टी स्थापित किए जाने का विरोध किया जाएगा। उपस्थित लोगों ने प्रशासन से सभी पक्षों की सहमति से वैकल्पिक स्थान तय करने की मांग की।

✒️ संयुक्त बैठक कर तय किया जाए नया स्थान: कमलेश जायसवाल…

वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर प्रशासन एवं आबकारी विभाग को इस संवेदनशील विषय पर एकतरफा निर्णय लेने के बजाय जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा स्थान चिन्हित किया जाए, जिससे किसी भी वार्ड के निवासियों को असुविधा न हो और सामाजिक वातावरण प्रभावित न हो।

✒️ पहले भी हो चुका है विवाद

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पूर्व इस मुद्दे को लेकर एसडीएम, तहसीलदार, आबकारी विभाग एवं पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई थी। इस दौरान विभिन्न पक्षों ने अपनी-अपनी आपत्तियां और मांगें प्रशासन के समक्ष रखी थीं।

वर्तमान स्थिति में वार्ड क्रमांक 11 के निवासी शराब भट्टी को अपने क्षेत्र से हटाने की मांग कर रहे हैं, जबकि गोबरघोरा सहित वार्ड क्रमांक 1, 4, 5 एवं 6 के नागरिक प्रस्तावित नए स्थान पर भट्टी स्थापित किए जाने का विरोध कर रहे हैं।

✒️ हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय

बैठक में नागरिकों ने नगरव्यापी हस्ताक्षर अभियान चलाने का भी निर्णय लिया। इसके तहत घर-घर जाकर लोगों का समर्थन प्राप्त किया जाएगा। अभियान पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों और नागरिकों द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।

✒️ मांगों पर ध्यान नहीं देने पर आंदोलन की चेतावनी

बैठक में उपस्थित नागरिकों ने कहा कि यदि उनकी आपत्तियों और मांगों की अनदेखी कर बिना सहमति के शराब भट्टी का स्थानांतरण किया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सभी पक्षों को विश्वास में लेकर निर्णय लेने की अपील की।

बैठक में संबंधित वार्डों के पार्षदों, स्थानीय महिलाओं, युवाओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिकों की उपस्थिति रही।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest