CHHATTISGARHSarngarh

योग दिवस पर दिव्यांग बच्चों ने दिखाई अद्भुत इच्छाशक्ति, प्रांजल स्कूल से गूंजा ‘स्वस्थ भारत’ का संदेश

36garhnewsupdate.com

 

21/06/2026 सारंगढ़

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सारंगढ़ के रेंजर पारा स्थित प्रांजल फाउंडेशन द्वारा संचालित प्रांजल विशेष स्कूल में प्रेरणादायक और भावुक कर देने वाला आयोजन देखने को मिला। दिव्यांग बच्चों और सियान सदन के बुजुर्गों ने एक साथ योगाभ्यास कर यह संदेश दिया कि योग केवल शरीर को नहीं, बल्कि मन और आत्मबल को भी मजबूत बनाता है।

सुबह 7 बजे विद्यालय परिसर में ‘ॐ’ के पवित्र उच्चारण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। संस्था की संस्थापिका एवं समाजसेवी श्रीमती हीरा देवी निराला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

योग प्रदर्शन के दौरान बच्चों ने अपनी विशेष क्षमताओं और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। व्हीलचेयर पर बैठे बच्चों ने ताड़ासन, भ्रामरी प्राणायाम और अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया। वहीं मूक-बधिर बच्चों ने संकेत भाषा के माध्यम से योग प्रशिक्षक के निर्देशन में सूर्य नमस्कार की विभिन्न मुद्राएं प्रस्तुत कीं। मानसिक रूप से विशेष बच्चों ने संगीत की धुन पर सूक्ष्म व्यायाम कर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में शामिल 70 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों ने भी भुजंगासन और वज्रासन का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी आस्था दिखाई।

इस अवसर पर संस्थापिका हीरा देवी निराला ने कहा कि योग दिव्यांग बच्चों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्षों के अनुभव में उन्होंने देखा है कि नियमित प्राणायाम और योगाभ्यास से बच्चों के आत्मविश्वास, संवाद क्षमता और एकाग्रता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

उन्होंने कहा, “हमारे बच्चे दवा से ज्यादा दुआ और योग से ठीक होते हैं। योग इनके लिए केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जिंदगी जीने की नई ऊर्जा है।”

 

‘योग से योग्य’ अभियान की शुरुआत

प्रांजल स्कूल द्वारा इस वर्ष ‘योग से योग्य’ अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के तहत प्रत्येक बच्चे को प्रतिदिन 30 मिनट योगाभ्यास कराया जाएगा। संस्था का मानना है कि नियमित योग से बच्चों की शारीरिक क्षमता, मानसिक संतुलन और एकाग्रता में निरंतर सुधार देखने को मिल रहा है। विद्यालय में बच्चों की कार्यक्षमता के अनुरूप विभिन्न गतिविधियां और कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों, शिक्षकों एवं बुजुर्गों ने स्वस्थ जीवन और नियमित योग करने का संकल्प लिया। योग दिवस का यह आयोजन उपस्थित लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया।

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest