पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों में सौदेबाजी नहीं: सुनील नामदेव
36garhnewsupdate.com


राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति में पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन और सदस्यों के अधिकारों की रक्षा होगी प्राथमिकता…
रायपुर, छत्तीसगढ़। 21 जून 2026
राजधानी पत्रकार गृह निर्माण सहकारी समिति मर्यादित, रायपुर के नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष सुनील नामदेव ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की सौदेबाजी नहीं की जाएगी। उन्होंने समिति में पारदर्शिता, जवाबदेही और सदस्यों के विश्वास की पुनर्स्थापना को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया है।
समिति के सम्मानित सदस्यों द्वारा कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सौंपे जाने पर आभार व्यक्त करते हुए सुनील नामदेव ने कहा कि यह उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समिति के संचालन में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पूर्व उपाध्यक्ष द्वारा अपने त्यागपत्र में लगाए गए गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराना उनका नैतिक और वैधानिक दायित्व है। समिति की परिसंपत्तियों तथा सदस्यों के हितों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएंगे।
कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया कि समिति के बैंक खातों से किसी भी प्रकार के अनधिकृत लेन-देन को रोकने के लिए संबंधित बैंक से संपर्क कर खातों को फ्रीज कराने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा ध्वनिमत से पदमुक्त किए गए पूर्व अध्यक्ष प्रेम पाठक द्वारा किसी प्रकार की वित्तीय कार्रवाई या निकासी न हो, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
सुनील नामदेव ने यह भी कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कुछ सम्मानित सदस्यों को कथित रूप से धमकाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे गंभीर विषय बताते हुए कहा कि यदि ऐसे मामलों की पुष्टि होती है तो आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस संबंध में वीडियो भी जल्द सार्वजनिक किया जा सकता है।
उन्होंने समिति के सदस्यों से अपील की कि किसी भी प्रकार के अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) अथवा समिति संबंधी कार्यों के लिए पदमुक्त अध्यक्ष से संपर्क न करें।
समिति का अधिकृत पत्राचार पता निम्नानुसार जारी किया गया है- प्लॉट क्रमांक-29, मीडिया सिटी, मोहबा बाजार, टाटीबंध, रायपुर (छत्तीसगढ़)।
सुनील नामदेव ने कहा कि किसी भी जानकारी, स्पष्टीकरण अथवा पत्राचार के लिए सदस्य सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्यों के सहयोग से समिति में सुशासन, पारदर्शिता, वित्तीय अनुशासन तथा सदस्यों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने अंत में दोहराया कि पत्रकारों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता या सौदेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।



