CHHATTISGARHSARANGARH-BILAIGARH

विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत प्रबुद्ध एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह आयोजित

36garhnewsupdate.com

मोदी सरकार के 12 वर्ष स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और सशक्त भारत के निर्माण के रहे: शिवरतन शर्मा…

सारंगढ़, छत्तीसगढ़। 19 जून 2026

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे विकसित भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत जिला भाजपा कार्यालय सारंगढ़ में प्रबुद्धजन एवं वरिष्ठजन सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर उनके योगदान को सराहा गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व बीईओ आर.एस. प्रधान ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक एवं खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष शिवरतन शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक जिला पंचायत अध्यक्ष संजय पाण्डेय थे। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष ज्योति पटेल, पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक, केराबाई मनहर, कामदा जोल्हे, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष बैजयंती नंदू लहरे सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अजय जवाहर नायक ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।

अध्यक्षीय उद्बोधन में आर.एस. प्रधान ने भारत के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत के पुनर्स्थापन और राष्ट्रीय स्वाभिमान की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

पूर्व विधायक डॉ. जवाहर नायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने न केवल अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की, बल्कि अनेक देशों को भी वैक्सीन उपलब्ध कराकर मानवता की मिसाल पेश की।

मुख्य अतिथि शिवरतन शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने स्वाभिमान, आत्मनिर्भरता और सामर्थ्य के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, आवास, खाद्य सुरक्षा, आधारभूत संरचना विकास तथा राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना और महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। आज महिलाएं प्रशासनिक सेवाओं, विज्ञान, अंतरिक्ष, परिवहन और अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जो देश में सकारात्मक बदलाव का प्रतीक है।

शिवरतन शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सकारात्मक सोच और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण भारत आज विश्व मंच पर सम्मानजनक स्थिति में खड़ा है। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।

कार्यक्रम में 500 से अधिक प्रबुद्धजन, वरिष्ठ नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान वरिष्ठ एवं प्रबुद्ध नागरिकों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम का समापन विकसित भारत के संकल्प और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता के आह्वान के साथ हुआ।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest