भूतकछार में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण, डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया जनजातीय गौरव का सम्मान
36garhnewsupdate.com

मुंगेली/लोरमी, छत्तीसगढ़। 18 जून 2026
उप मुख्यमंत्री एवं लोरमी विधायक अरुण साव ने विकासखंड लोरमी के ग्राम भूतकछार में अमर शहीद भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनके आदर्श आज भी समाज को स्वाभिमान, संघर्ष और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका संघर्ष और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि भूतकछार में स्थापित यह प्रतिमा युवाओं को समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का बोध कराएगी।
इस अवसर पर ग्रामीणों की मांग पर उप मुख्यमंत्री ने मुक्तिधाम शेड एवं प्रतीक्षालय निर्माण की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

✒️ जनजातीय समाज के विकास को मिल रही प्राथमिकता…
अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और रोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जनजातीय समुदाय के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाना उनके योगदान के प्रति राष्ट्र की सच्ची श्रद्धांजलि है।

✒️ जनजातीय नायकों को मिल रहा उचित सम्मान…
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय तक जनजातीय वीरों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिल सकी थी, लेकिन अब उन्हें सम्मान दिलाने की दिशा में व्यापक कार्य किए जा रहे हैं। देशभर में जनजातीय नायकों के इतिहास और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संग्रहालयों, स्मारकों और सांस्कृतिक केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा को उनके अद्वितीय संघर्ष, समाज सेवा और जनजागरण के कारण समाज ने भगवान का दर्जा दिया। युवाओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही।




