मुड़पार सचिव पर भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप, कलेक्टर जनदर्शन में ग्रामीणों का विरोध
36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़ 16/6/2026
जिला मुख्यालय में आयोजित कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार को ग्राम पंचायत मुड़पार (स) के ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत सचिव छतराम साहू के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। उप सरपंच एवं पंचों की अगुवाई में पहुंचे ग्रामीणों ने सचिव पर भ्रष्टाचार, पद के दुरुपयोग एवं खुलेआम रिश्वतखोरी का आरोप लगाया और तत्काल हटाने की मांग की।
ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया कि सचिव शासकीय कार्यों के लिए पंचायत भवन में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते, बल्कि निजी निवास से कार्य संचालित करते हैं। इससे आम नागरिकों, विशेषकर बुजुर्गों एवं महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आरोपों के अनुसार, सचिव द्वारा विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए कथित रूप से राशि की मांग की जाती है, जिसमें पेंशन, राशन कार्ड निर्माण एवं संशोधन, तथा मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे कार्य शामिल हैं। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि भुगतान न करने पर दस्तावेजों में देरी की जाती है।
ग्रामीणों ने सचिव की कार्यशैली पर असंतोष व्यक्त करते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने एवं उनके विरुद्ध विधिसम्मत जांच एवं कार्रवाई की मांग की है। मामला कलेक्टर जनदर्शन में दर्ज कर लिया गया है तथा प्रशासन द्वारा जांच उपरांत उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला प्रतिनिधि एवं पंचायत जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।



