CHHATTISGARHSarngarh

नगरीय निकाय द्वारा पीएम स्वनिधि महोत्सव 2026 का भव्य आयोजन, लाभार्थियों ने साझा किए अनुभव

36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 16 जून 2026

प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के तहत “पीएम स्वनिधि महोत्सव 2026” का भव्य आयोजन सारंगढ़ स्थित मंडी प्रांगण में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय एवं ज्योति लाल पटेल द्वारा छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर एसडीएम वर्षा बंसल, तहसीलदार प्रकाश पटेल, नगर पालिका सीएमओ ज्ञानपुंज कुलमित्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, बैंक प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

महोत्सव में विभिन्न बैंकों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जिनमें हितग्राहियों को पीएम स्वनिधि योजना, बैंक ऋण, डिजिटल भुगतान एवं अन्य वित्तीय सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण कर बैंक अधिकारियों से योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना से जोड़ने एवं ऋण वितरण प्रक्रिया को सरल बनाने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष हितग्राहियों की उपस्थिति रही। कई लाभार्थियों ने मौके पर ही ऋण संबंधी जानकारी लेकर आवेदन प्रक्रिया में रुचि दिखाई।

इस अवसर पर लाभान्वित हितग्राही संतोष कुमार देवांगन, दीप नारायण देवांगन एवं फरीद अली ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि पीएम स्वनिधि योजना से प्राप्त ऋण के माध्यम से उन्होंने अपना व्यवसाय प्रारंभ किया, जिससे उनकी आय में वृद्धि हुई है तथा परिवार की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई है।

अधिकारियों ने बताया कि यह योजना रेहड़ी-पटरी एवं फुटपाथ व्यवसायियों को बिना गारंटी कार्यशील पूंजी ऋण उपलब्ध कराती है। समय पर ऋण चुकाने पर अधिक राशि का अगला ऋण, ब्याज सब्सिडी तथा डिजिटल लेन-देन पर प्रोत्साहन राशि का लाभ भी दिया जाता है। योजना का मुख्य उद्देश्य छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनाकर उनके व्यवसाय को सशक्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest