सारंगढ़ सिटी कोतवाली में धर्मांतरण मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं का धरना, कार्रवाई की मांग
36garhnewsupdate.com

16/6/2026 सारंगढ़
नगर के वार्ड क्रमांक 5 से जुड़े कथित धर्मांतरण मामले को लेकर सोमवार को सिटी कोतवाली परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई। मामले में कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता थाना परिसर में धरने पर बैठ गए।
जानकारी के अनुसार, धर्मांतरण के आरोपों के संबंध में पुलिस द्वारा सुखबाई मिरी को पूछताछ के लिए सुबह सिटी कोतवाली बुलाया गया था। आरोप है कि पूछताछ के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी कोतवाली पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
धरने में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, भुवन मिश्रा, अरुण यादव, मनोज जायसवाल एवं जय बानी सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की।

कोतवाली परिसर में बड़ी संख्या में लोगों के एकत्र होने से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बना रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर उन्हें मामले की निष्पक्ष जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।



