मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्ण पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का किया सम्मान
36garhnewsupdate.com

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनें अवि मानिकपुरी: उपमुख्यमंत्री अरुण साव…
रायपुर, छत्तीसगढ़। 14 जून 2026
अंडर-19 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले युवा हॉकी खिलाड़ी अवि मानिकपुरी का मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सम्मान किया। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अवि को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनकी उपलब्धि की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव तथा विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अवि मानिकपुरी की यह उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उनकी सफलता अन्य खिलाड़ियों को भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करेगी।
अंडर-19 एशिया कप में भारतीय टीम के सदस्य के रूप में अवि मानिकपुरी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए टीम की स्वर्णिम सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनकी इस उपलब्धि पर पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अवि मानिकपुरी ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण के बल पर भारतीय टीम में स्थान बनाया तथा एशिया कप में स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि अवि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और उनकी सफलता से खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि हॉकी भारत का गौरवशाली खेल है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल करना किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। अवि ने अपनी मेहनत और अनुशासित खेल शैली से यह सिद्ध कर दिया है कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं राष्ट्रीय एवं वैश्विक मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने में सक्षम हैं।
मूलतः छत्तीसगढ़ के रहने वाले अवि मानिकपुरी की इस सफलता ने प्रदेश के युवा खिलाड़ियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया है। खेल जगत से जुड़े लोगों ने इसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया, छत्तीसगढ़ हॉकी के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव मनीष श्रीवास्तव, जिला हॉकी संघ बिलासपुर के अध्यक्ष रोहित बाजपेयी, सचिव रवि पारीक, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे सहित खेल जगत की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं।




