CHHATTISGARHSARANGARH-BILAIGARH

कोसीर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा पर उठे सवाल — फूल कुमार विश्वकर्मा

36garhnewsupdate.com

 

 

सारंगढ़ 13/6/2026

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ऐतिहासिक नगर कोसीर में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। ब्लॉक कांग्रेस सचिव एवं युवा कांग्रेस नेता फूल कुमार विश्वकर्मा ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि कोसीर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की घोषणा आज तक धरातल पर नहीं उतर सकी है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सारंगढ़ प्रवास के दौरान कोसीर क्षेत्र की लगभग 60 हजार आबादी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को उन्नत कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने की घोषणा की गई थी। उस समय क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल था और लोगों ने मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया था।

फूल कुमार विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि घोषणा के डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इससे भाजपा सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल घोषणाएं कर जनता को भ्रमित करने का काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि कोसीर जैसे बड़े और महत्वपूर्ण क्षेत्र की लगातार अनदेखी की जा रही है। यदि घोषणा के बाद भी स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना के लिए कोई कार्रवाई नहीं होती, तो यह क्षेत्रवासियों के साथ छलावा है। फूल कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार हमेशा जो कहती है, उसे पूरा करती है, जबकि भाजपा सरकार केवल झूठे आश्वासन देने का कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest