राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में चमके बरमकेला के जुगेंद्र साहू, तीन गोल्ड मेडल किए अपने नाम
36garhnewsupdate.com

सारंगढ़-बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़। 09 जून 2026
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित एथलेटिक्स स्टेडियम में संयुक्त भारतीय खेल संघ के तत्वावधान में 5 से 7 जून 2026 तक आयोजित 14वीं राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से लगभग 3500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
छत्तीसगढ़ की ओर से 20 खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया, जिनमें सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के विकासखंड बरमकेला अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला चांटीपाली के प्रधान पाठक जुगेंद्र प्रसाद साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी आयु वर्ग की 100 मीटर, 200 मीटर एवं 400 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
जुगेंद्र प्रसाद साहू इससे पूर्व भी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने थाईलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में 100 मीटर और 200 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीतकर भारत को गौरवान्वित किया था। इसके अलावा वे ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज एथलेटिक्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तथा चंडीगढ़ में आयोजित योगासन स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में कांस्य पदक भी प्राप्त कर चुके हैं।
उनकी इस उल्लेखनीय उपलब्धि से शिक्षा विभाग, बरमकेला क्षेत्र तथा खेल जगत में हर्ष का वातावरण है। जुगेंद्र प्रसाद साहू अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, अनुशासन, समर्पण और दृढ़ संकल्प को देते हैं।
खेलों के प्रति समर्पित जुगेंद्र प्रसाद साहू युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। वे प्रतिदिन सलियाटोली खेल मैदान में पुलिस एवं सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को शारीरिक दक्षता का प्रशिक्षण प्रदान करते हैं। साथ ही युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने तथा खेल एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित करते हैं।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित कूडो सेल्फ डिफेंस मार्शल आर्ट्स समर कैंप में भी उन्होंने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। खेल एवं समाज के प्रति उनके योगदान को देखते हुए जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू द्वारा उन्हें सम्मानित किया जा चुका है।
जुगेंद्र प्रसाद साहू की यह उपलब्धि न केवल शिक्षा जगत और खेल समुदाय के लिए गौरव का विषय है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, अनुशासन और निरंतर मेहनत से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है।




