

खिलाड़ियों, जवानों और नागरिकों ने दिया स्वास्थ्य व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
राजनांदगांव, छत्तीसगढ़। 08 जून 2026
विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग राजनांदगांव तथा स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य, फिटनेस, पर्यावरण संरक्षण एवं साइकिलिंग के महत्व के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रशिक्षकों, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों, आईटीबीपी के जवानों, पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने साइकिल रैली में भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। प्रतिभागियों ने स्टेडियम परिसर एवं निर्धारित मार्ग पर साइकिल रैली निकालकर फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में लोग अपने स्वास्थ्य के लिए पर्याप्त समय नहीं निकाल पा रहे हैं, जिसके कारण अनेक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि “सेहत की डोज, आधा घंटा रोज” का संदेश हर व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। प्रतिदिन नियमित साइकिल चलाने से शरीर स्वस्थ, सक्रिय और ऊर्जावान बना रहता है। उन्होंने साइकिलिंग को स्वस्थ जीवन की दिशा में एक प्रभावी कदम बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा प्रत्येक रविवार को आयोजित किए जा रहे फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल कार्यक्रम ने लोगों में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण कार्य किया है। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि लोग अब स्वास्थ्य के प्रति अधिक सजग हो रहे हैं।
आईटीबीपी कमांडेंट मनोज बहुगुणा ने कहा कि अनुशासित जीवनशैली ही स्वस्थ जीवन का आधार है। नियमित व्यायाम, खेल गतिविधियों और साइकिलिंग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रह सकता है। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और ईंधन की खपत को देखते हुए साइकिल का उपयोग आज की आवश्यकता बन गया है।
समाजसेवी प्रदीप शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार के फिट इंडिया अभियान ने देशभर में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज बड़ी संख्या में लोग नियमित व्यायाम और साइकिलिंग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित साइकिल चलाने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पूर्व नगर निगम अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पार्षद शिव वर्मा, पार्षद सुनील साहू, अंतर्राष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रेखा पदम, पीटीएस की सब इंस्पेक्टर अनीता साहू, अंतर्राष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी शबनम अंसारी, आबिद बेग, ममता गुप्ता, अनुराज श्रीवास्तव, अशोक सेन, अजय लोहार, मुरली भारद्वाज, ऋषि मेश्राम, राहुल साहू, संध्या पदम, शकील अहमद, परमजीत सिंह, राजेश निर्मलकर, तरण सिंह, दिव्या धारावत, सुखदेव राउत, अर्चना चौधरी, कृष्णा यादव, प्रियंका चौराया, वीर सिंह, रूपेंद्र साहू, दिलीप कछम, कलाराम साहू, संतु मरकाम, वीरेंद्र सिन्हा, लेखराम देवांगन, जय हिंद निषाद, कुमारू राम पटेल सहित विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, पदाधिकारी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



