सुशासन तिहार में अधिक से अधिक आवेदन देने की अपील, क्षेत्रीय समस्याओं के निराकरण का अवसर : युधिष्ठिर नायक
36garhnewsupdate.com

सोनाखान।सोनाखान 6/6/2026
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने वनांचल क्षेत्र के आमजन एवं कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि सुशासन तिहार के अंतिम चरण का आयोजन 10 जून 2026 को ग्राम पंचायत राजादेवरी में किया जाना सुनिश्चित हुआ है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है।

उन्होंने बताया कि इस शिविर में शासन के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे, जहां आम नागरिकों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं में बया से राजादेवरी होते हुए सोनाखान मार्ग, सालिहा से बिलारी होते हुए बानीखार मार्ग तथा निठौरा से कुसगढ़-भानपुर होते हुए विजयमॉल पहुंच मार्ग की जर्जर स्थिति शामिल है।
युधिष्ठिर नायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्र में अस्पताल तो मौजूद हैं, लेकिन डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति नहीं रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर डॉक्टर सप्ताहों तक अनुपस्थित रहते हैं, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की समस्याओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि निर्माण कार्य के दौरान रेत परिवहन में वन विभाग, पुलिस विभाग एवं माइनिंग विभाग द्वारा कार्रवाई कर लोगों को परेशान किया जा रहा है।इसके अलावा क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री, खाद-बीज की कमी, पेट्रोल-डीजल की दिक्कत तथा चौक-चौराहों पर लगातार चेकिंग जैसी समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया गया। उन्होंने कहा कि इन सभी समस्याओं का समाधान आवेदन प्रस्तुत कर प्रशासन तक पहुंचाया जा सकता है।शिविर में छात्र-छात्राओं के जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, किसानों के बी-1, खसरा, नकल, पटवारी प्रतिवेदन सहित विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा।अंत में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक ने समस्त ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी व्यक्तिगत, जनहित एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन देकर शासन की इस पहल का लाभ अवश्य उठाएं।


