अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस पर जनजागृति अभियान, नशा मुक्ति की दिलाई गई शपथ
प्रधान संपादक पद्मिनी श्रीवास की विशेष रिपोर्ट...

सारंगढ़, छत्तीसगढ़। 31 मई 2026
अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में धूम्रपान एवं नशापान के दुष्प्रभावों के प्रति जनजागरूकता बढ़ानें के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, इस दौरान लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से होनें वाले स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों की जानकारी दी गई तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाया गया।
बरमकेला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित परिचर्चा एवं जागरूकता बैठक में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के अधिकारी-कर्मचारियों, सेक्टर अधिकारियों, स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों तथा मितानिनों नें सहभागिता की, कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की बहनों नें मानसिक स्वास्थ्य, ध्यान (मेडिटेशन) तथा धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होनें वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला, उन्होंने तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनानें के लिए आध्यात्मिकता और सकारात्मक सोच के महत्व को भी रेखांकित किया।
इसी क्रम में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र, सारंगढ़ में भी अंतर्राष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के अवसर पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, कार्यक्रम में केंद्र में पुनर्वास प्राप्त कर रहे हितग्राहियों एवं स्टाफ नें भाग लिया।

नवजीवन नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के अधीक्षक रोशन जायसवाल नें केंद्र द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से सभी प्रकार के नशे से दूर रहनें का आह्वान किया, उन्होंने कहा कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करती है, बल्कि परिवार और समाज पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है, उन्होंने तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों का त्याग कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई, साथ ही यह संकल्प लिया गया कि स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे।
आयोजन के सफल संचालन में समाज कल्याण विभाग एवं स्वास्थ्य विभाग का सक्रिय सहयोग रहा, कार्यक्रम के माध्यम से समुदाय में नशामुक्ति एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित किया गया।


