जिला अस्पताल सारंगढ़ को मिली बड़ी राहत, सप्ताह में दो दिन मिलेंगी एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की सेवाएं
36garhnewsupdate.com

सारंगढ़/बिलाईगढ़, छत्तीसगढ़। 28 मई 2026
जिले के मरीजों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। जिला अस्पताल सारंगढ़ में लंबे समय से एनेस्थीसिया (निश्चेतना) विशेषज्ञ की कमी के कारण सिजेरियन प्रसव सहित अन्य बड़े ऑपरेशन प्रभावित हो रहे थे और गंभीर मरीजों को उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर करना पड़ता था। अब इस समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, स्वर्गीय श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में पदस्थ एनेस्थीसिया विशेषज्ञ (पीजी अनुबंधित) डॉ. कुंती नायक (एमडी एनेस्थीसिया) की सेवाएं अस्थायी रूप से जिला अस्पताल सारंगढ़ को उपलब्ध कराई गई हैं।
बताया गया है कि तत्कालीन कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे द्वारा भेजे गए प्रस्ताव तथा वर्तमान कलेक्टर पद्मिनी भोय के सतत प्रयासों के बाद शासन ने त्वरित संज्ञान लेते हुए यह निर्णय लिया है।
जारी आदेश के मुताबिक डॉ. कुंती नायक अब प्रत्येक सप्ताह सोमवार और मंगलवार को जिला अस्पताल सारंगढ़ में अपनी सेवाएं देंगी। इससे सिजेरियन डिलीवरी और अन्य आवश्यक ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर संभव हो सकेंगे।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की उपलब्धता से मरीजों को अनावश्यक रेफरल से राहत मिलेगी। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार आने और मातृ मृत्यु दर में कमी की भी संभावना जताई गई है।
इस निर्णय से विशेष रूप से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अब आपातकालीन परिस्थितियों में निजी अस्पतालों या दूसरे जिलों का रुख नहीं करना पड़ेगा। शासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।


