
सारंगढ़ (रायगढ़ )। भाजपा महिला मोर्चा रायगढ़ की महामंत्री रेखा महमिया ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि – कांग्रेस पार्टी लगातार देश की संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक संस्थाओं, प्रक्रियाओं और मर्यादाओं का विरोध कर रही है। जनता द्वारा पूर्ण बहुमत से चुने गए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर राहुल गांधी ने न केवल पद की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, बल्कि लोकतंत्र, जनमत का भी अपमान किया है। रेखा महमिया ने कहा कि – आज पूरा देश ही नहीं, बल्कि विश्व भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का समर्थन कर रहा है। भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है, लेकिन कांग्रेस और उसके नेताओं को देश की यह प्रगति रास नहीं आ रही है। हर बार चुनावी पराजय से कांग्रेस नेतृत्व बौखलाया हुआ है व अपनी राजनीतिक निराशा को अभद्र भाषा के माध्यम से व्यक्त कर रहा है। रेखा ने कहा कि – इतिहास गवाह है की जब-जब कांग्रेस ने प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमान जनक शब्दों का प्रयोग किया है, तब-तब देश की जनता ने लोक तांत्रिक तरीके से कांग्रेस को जवाब दिया है। देश की जनता अपने राष्ट्र नेतृत्व का अपमान कभी स्वीकार नहीं करेगी।


