कोसीर में नवीन महाविद्यालय की मांग फिर हुई तेज, सुशासन तिहार में उठेगी आवाज

36garhnewsupdate.comसारंगढ़। सारंगढ़ जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर स्थित ऐतिहासिक ग्राम कोसीर में नवीन महाविद्यालय स्थापना की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार लक्ष्मीनारायण लहरे पिछले 20 वर्षों से गांव में कॉलेज खोलने की मांग विभिन्न माध्यमों से उठाते आ रहे हैं।
उन्होंने बताया कि भाजपा शासनकाल में लोक सुराज अभियान से लेकर सुशासन तिहार तक हर मंच पर कोसीर में महाविद्यालय खोलने की मांग रखी गई, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हो सकी है। इस वर्ष भी वे सुशासन तिहार 2026 में कॉलेज स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाएंगे।
21 मई को ग्राम उच्चभिट्ठी में दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक सुशासन तिहार 2026 का आयोजन किया जाएगा। इसमें कोसीर, भांठागांव, बटाऊपाली, मुड़वाभाठा, पाट, सिलयारी, रिंवापार, कुम्हारी, लेंधरा, गाताडीह सहित 19 गांवों के ग्रामीण शामिल होकर अपनी मांग, शिकायत और समस्याएं प्रशासन तक पहुंचाएंगे।
लहरे ने सोशल मीडिया के माध्यम से अंचलवासियों से अपील की है कि वे अपने गांव और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर आवेदन अवश्य दें। उन्होंने कोसीर में नवीन कॉलेज स्थापना, ऐतिहासिक मंदिर को ग्रामीण पर्यटन से जोड़ने, मिरौनी बैराज महानदी सिंघनपुर घाट को पर्यटन स्थल घोषित करने, बौद्ध बिहार के विकास, बाल उद्यान निर्माण तथा बांधा तालाब के जीर्णोद्धार जैसी मांगों को प्रमुखता से रखने की बात कही है।
उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से कोसीर में कॉलेज स्थापना के समर्थन में आवेदन देने की अपील की है।


