सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जल्द शुरू होगा जिला परिवहन कार्यालय, जनता को मिलेगी बड़ी राहत

36garhnewsupdate.comसारंगढ़-बिलाईगढ़। जिलेवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से लंबित मांग के बाद अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ में जिला परिवहन कार्यालय (RTO/DTO) को पूर्ण रूप से शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है। परिवहन विभाग द्वारा कार्यालय स्थापना हेतु बजट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है, वहीं प्रशासनिक सेटअप और आवश्यक पदों की स्वीकृति के लिए अंतिम प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। शासन से मंजूरी मिलते ही कार्यालय का विधिवत संचालन प्रारंभ हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सारंगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक पदमा मनहर ने क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर जिले में जल्द परिवहन कार्यालय शुरू करने की मांग की थी। मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए परिवहन विभाग से रिपोर्ट मांगी गई थी।
मुख्यमंत्री सचिवालय के संदर्भ में उप परिवहन आयुक्त कृष्ण कुमार पटेल द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि जिला परिवहन कार्यालय की स्थापना के लिए बजट स्वीकृत किया जा चुका है। कार्यालय संचालन के लिए आवश्यक प्रशासनिक ढांचे और पदस्थापना की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
गौरतलब है कि नया जिला बनने के बावजूद अब तक जिले के लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, परमिट और अन्य परिवहन संबंधी कार्यों के लिए रायगढ़ सहित अन्य जिलों के चक्कर लगाने पड़ते थे। नया परिवहन कार्यालय शुरू होने के बाद हजारों वाहन स्वामियों और आम नागरिकों को समय और आर्थिक खर्च से राहत मिलेगी।
विभाग द्वारा इस संबंध में पूर्व विधायक पदमा मनहर को भी सूचनार्थ पत्र भेजा गया है। साथ ही जनदर्शन पोर्टल पर प्रकरण की प्रगति अपडेट करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। इस पहल से जिलेभर में खुशी का माहौल है।


