BILASPURCHHATTISGARH

भीषण गर्मी और लू से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

बिलासपुर में तापमान 44 डिग्री के करीब, नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 20 मई 2026

36garhnewsupdate.com

जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए जिला स्वास्थ्य समिति बिलासपुर द्वारा नागरिकों के लिए लू (हीट स्ट्रोक) से बचाव संबंधी एडवाइजरी जारी की गई है। इन दिनों जिले का तापमान लगभग 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है, जिससे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ गया है।

स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचें तथा शरीर में पानी की कमी न होने दें। विभाग के अनुसार लू लगने के प्रमुख लक्षणों में तेज बुखार, चक्कर आना, सिरदर्द, उल्टी या मितली, बेहोशी तथा त्वचा का लाल एवं सूखा हो जाना शामिल है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर व्यक्ति को तुरंत छायादार या ठंडी जगह पर ले जाकर शरीर को ठंडा करें और पानी अथवा ओआरएस का सेवन कराएं। आवश्यकता पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल में तत्काल उपचार कराने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख सलाह

  • दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी एवं तरल पदार्थों का सेवन करें।
  • ओआरएस, छाछ, नींबू पानी, नारियल पानी आदि का नियमित उपयोग करें।
  • तरबूज, खीरा, ककड़ी, मौसमी फल एवं हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करें।
  • बाहर निकलते समय सिर को गमछा, टोपी या छाते से ढंककर रखें।
  • हल्के रंग के सूती एवं ढीले कपड़े पहनें।
  • खाली पेट धूप में बाहर न निकलें।
  • चाय, कॉफी एवं अधिक तले-भुने खाद्य पदार्थों का सेवन कम करें।

स्वास्थ्य विभाग ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का अतिरिक्त ध्यान रखने की अपील की है। जिला स्वास्थ्य समिति ने नागरिकों से सतर्कता बरतते हुए गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों का पालन करने का आग्रह किया है।

किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 87706-64365 एवं 75870-38622 पर संपर्क किया जा सकता है।

Sanjay2

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest