CHHATTISGARHजगदलपुर

बस्तर में जल्द शुरू होगी पहली आवासीय खेल अकादमी, एथलेटिक्स, फुटबॉल और आर्चरी का मिलेगा प्रशिक्षण



36garhnewsupdate.comजगदलपुर, 17 मई 2026। बस्तर अंचल के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जगदलपुर में पहली आवासीय खेल अकादमी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। इस अकादमी में एथलेटिक्स, फुटबॉल एवं आर्चरी खेलों का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। अकादमी में प्रवेश के लिए विभाग द्वारा जल्द ही चयन ट्रायल आयोजित किया जाएगा।

खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक तनुजा सलाम ने शनिवार को जगदलपुर पहुंचकर प्रस्तावित अकादमी की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने खेल अधिकारियों के साथ बैठक कर उपलब्ध अधोसंरचना, आवास एवं भोजन व्यवस्था, विद्यालय सुविधा, वाहन व्यवस्था, खेल सामग्री तथा खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रस्तावित अकादमी भवन का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को खिलाड़ियों के लिए बेहतर वातावरण और उच्च स्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।



संचालक श्रीमती सलाम ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में आवासीय खेल अकादमी शुरू होने से स्थानीय खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, आधुनिक खेल उपकरण और बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे क्षेत्र के खिलाड़ी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि अकादमी में चयनित खिलाड़ियों को विभाग की ओर से उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, पौष्टिक आहार, आवास, शिक्षा, बीमा, खेल किट, उपचार सुविधा तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भागीदारी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

विभाग द्वारा जल्द जारी किए जाने वाले चयन ट्रायल विज्ञापन के माध्यम से 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बालक खिलाड़ी आवेदन कर सकेंगे। अकादमी में एथलेटिक्स के 20, फुटबॉल के 25 तथा आर्चरी के 20 खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

इस दौरान संचालक श्रीमती सलाम ने खेलो इंडिया लघु केंद्र पंडरीपानी स्थित हॉकी सेंटर का भी दौरा किया। उन्होंने छात्रावास एवं जिम हॉल का निरीक्षण कर प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों की संख्या, उपलब्ध खेल सामग्री तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों से संवाद कर प्रशिक्षण एवं व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक भी प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest