सांस्कृतिक संध्या के साथ आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ समर कैंप

सौरभ यादव/ रिपोर्टर तिल्दा
36gadrnewsupdetतिल्दा। ब्रह्माकुमारीज़ तिल्दा द्वारा विगत 10 दिनों से आयोजित निःशुल्क समर कैंप का समापन समारोह 10 मई को अत्यंत उत्साहपूर्ण, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में बच्चे, उनके अभिभावक एवं नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. वर्णिका शर्मा रहीं, जो राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त हैं। वे राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की राष्ट्रीय महामंत्री होने के साथ सैन्य मनोविज्ञान की अध्येता भी हैं। उनके 35 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा वे अनेक राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय संगोष्ठियों में मुख्य वक्ता के रूप में भाग ले चुकी हैं। सामाजिक एवं राष्ट्रीय विषयों पर उनके कार्यों को इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में व्यापक स्थान मिला है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शासकीय आत्मानंद प्रियदर्शिनी विद्यालय नेवरा के प्राचार्य भ्राता राजेन्द्र बंजारे एवं तिल्दा-नेवरा की प्रसिद्ध समाजसेवी बहन नीलम अग्रवाल उपस्थित रहीं।
अतिथियों के स्वागत उपरांत डॉ. वर्णिका शर्मा ने बच्चों एवं उनके अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी पालकों को बच्चों के अधिकारों की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से कहा कि बच्चों के लिए कोई भी वस्तु लेते समय उनकी पसंद का ध्यान अवश्य रखें। साथ ही बच्चों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति उन्हें परेशान करे या गलत स्पर्श (Bad Touch) करे तो वे तुरंत अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दें, ताकि बाल अधिकार संरक्षण मंच तक इसकी सूचना पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्होंने विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत “ऐगिरी नंदिनी” गीत की प्रशंसा की। उन्होंने स्वयं इस स्तुति गीत की कुछ पंक्तियां गाकर कहा कि आज के AI और आधुनिकता के दौर में भी बच्चों का अपनी संस्कृति और भारतीय परंपराओं से जुड़ाव देखना अत्यंत सुखद अनुभव है।
उन्होंने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था का धन्यवाद करते हुए कहा कि बच्चों को शिव से जोड़ने और आध्यात्मिक शिक्षा देने का यह निःशुल्क प्रयास अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को वैचारिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा देना भी आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
भ्राता राजेन्द्र बंजारे ने इस आयोजन को अत्यंत प्रभावशाली बताते हुए कहा कि इस वर्ष उनके विद्यालय से जितने बच्चे इस कैंप में शामिल हुए थे, अगले वर्ष उससे दोगुने बच्चों को इस शिविर में भेजने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपने सम्पूर्ण शिक्षक जीवन में बच्चों को अच्छे अंक एवं अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ाना ही उनका मुख्य उद्देश्य रहा है।
समाजसेवी बहन नीलम अग्रवाल ने कहा कि वे अब तक ब्रह्माकुमारीज़ को केवल मेडिटेशन सिखाने वाली संस्था के रूप में जानती थीं, लेकिन यहां आकर उन्होंने अनुभव किया कि यह संस्था बच्चों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों को यहां अनेक उपयोगी स्किल्स एवं संस्कार अत्यंत रोचक तरीके से सिखाए गए।
तिल्दा ब्रह्माकुमारीज़ सेवाकेंद्र प्रभारी बीके प्रियंका दीदी ने बताया कि राजयोग मेडिटेशन के माध्यम से मन को शक्तिशाली बनाकर किसी भी प्रकार की गलत आदत या व्यसन पर विजय प्राप्त की जा सकती है, चाहे वह मोबाइल का अत्यधिक उपयोग हो या अन्य कोई नकारात्मक आदत। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ-साथ अभिभावक भी इस मेडिटेशन को सीख सकते हैं। उन्होंने जानकारी दी कि 12 मई से प्रारंभ होने वाले इस संपूर्ण निःशुल्क मेडिटेशन शिविर का समय प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक तथा शाम 7 बजे से 8 बजे तक रहेगा, जिसमें बच्चे एवं अभिभावक दोनों ही शामिल होकर तनावमुक्त जीवन जीने की कला सीख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों द्वारा विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मंच पर पुरस्कृत भी किया गया। समर कैंप में डांस, ड्रॉइंग, एनर्जी ऑडिट, फायरलेस कुकिंग, पोस्टर मेकिंग, ग्रुप डिस्कशन, ड्रामा एवं एड मेकिंग जैसी अनेक रोचक प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
पूरे दस दिवसीय कैंप के दौरान बच्चों के प्रदर्शन, अनुशासन, सहभागिता एवं प्रतिभा को ध्यान में रखते हुए “बेस्ट बॉय” और “बेस्ट गर्ल” का खिताब भी प्रदान किया गया। बेस्ट बॉय की श्रेणी में टाई रहा, जिसमें सुभाष यादव एवं आदित्य मिश्रा ने संयुक्त रूप से यह सम्मान प्राप्त किया, वहीं बेस्ट गर्ल का खिताब तनी ध्रुव ने अपने नाम किया।
समापन समारोह के अंत में सभी बच्चों एवं अभिभावकों ने ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित इस संस्कारमय एवं प्रेरणादायक समर कैंप की सराहना करते हुए इसे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा मदर्स डे के अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड भी अपनी माताओं को भेंट किए गए। यह सरप्राइज उनकी माताओं के लिए अत्यंत भावुक और हृदयस्पर्शी पल बन गया। बच्चों द्वारा अपने हाथों से बनाए गए इन सुंदर कार्डों में मां के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावनाएं झलक रही थीं। अपने बच्चों से यह विशेष उपहार पाकर सभी माताएं भावुक हो उठीं तथा उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी। इस अनोखी प्रस्तुति ने समापन समारोह के वातावरण को और भी भावनात्मक एवं पारिवारिक स्नेह से भर दिया।


