डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में ACB की बड़ी कार्रवाई, बरमकेला BEO 10 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

36gadrnewsupdet सारंगढ़–बिलाईगढ़। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) बिलासपुर की टीम ने शिक्षा विभाग में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) नरेंद्र जांगड़े को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में उनके सहयोगी संकुल समन्वयक संजय चौहान को भी हिरासत में लिया गया है।
डीएसपी अजितेश सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में एसीबी टीम ने पहले से शिकायत के आधार पर पूरी योजना बनाकर ट्रैप ऑपरेशन को अंजाम दिया।
मामला पूर्व माध्यमिक शाला झीकीपाली के शिक्षक निरंजन बरिहा की शिकायत से सामने आया। शिकायत के अनुसार, वे और उनके साथी शिक्षक मुकेश सोना स्वास्थ्य कारणों से इलाज के लिए रायगढ़ मेडिकल कॉलेज गए थे, लेकिन डॉक्टर उपलब्ध न होने के कारण वापस लौटना पड़ा। इस दौरान थोड़ी देर होने पर उनकी अनुपस्थिति दर्ज कर कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया।
दोनों शिक्षकों द्वारा जवाब प्रस्तुत करने के बावजूद मार्च माह का वेतन रोक दिया गया। वेतन जारी कराने के लिए जब वे खंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र जांगड़े से मिले, तो उनसे 5-5 हजार रुपये यानी कुल 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की गई।
शिक्षक निरंजन बरिहा ने रिश्वत देने के बजाय एसीबी से शिकायत की। सत्यापन में आरोप सही पाए गए, जिसमें संकुल समन्वयक संजय चौहान की भूमिका भी सामने आई।
17 अप्रैल 2026 को एसीबी टीम ने योजना बनाकर शिकायतकर्ता को रिश्वत राशि के साथ बरमकेला स्थित बीईओ कार्यालय भेजा। जैसे ही नरेंद्र जांगड़े ने 10,000 रुपये लिए और दराज में रखे, टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया और राशि बरामद कर ली।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 और 12 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बरमकेला ब्लॉक के शिक्षक लंबे समय से बीईओ पर वसूली के आरोप लगा रहे थे। शिक्षक संघ के अध्यक्ष देवम प्रकाश पटेल सहित अन्य शिक्षकों ने इस कार्रवाई को राहत देने वाली और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश देने वाली बताया।


