3 साल से फरार हत्या के 3 आरोपी गिरफ्तार, तिल्दा पुलिस की घेराबंदी में दबोचे गए
3 Murder Accused Absconding for 3 Years Arrested by Tilda Police After Strategic Surrounding

सौरभ यादव/ 36 न्यूज़ अपडेट
36गढ़ न्यूज अपडेट,,,,
तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 के बहुचर्चित हत्या प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में की गई। पुलिस के अनुसार, ग्राम कुंदरू निवासी जितेन्द्र पाल की वर्ष 2023 में ग्राम जलसो के आशु उईके व उसके साथियों द्वारा चाकू और लाठी से हमला कर हत्या कर दी गई थी। घटना के दौरान मृतक के पुत्र पर भी प्राणघातक हमला किया गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।
इस मामले में पहले ही मुख्य आरोपी आशु उईके सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, लेकिन कुछ आरोपी फरार चल रहे थे। फरार आरोपी पिछले तीन वर्षों से अपनी पहचान छिपाकर लगातार ठिकाना बदलते हुए अन्य राज्यों में रह रहे थे। पुलिस द्वारा लगातार उनकी तलाश की जा रही थी और तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी।
हाल ही में पुलिस को विश्वस्त मुखबिर से सूचना मिली कि फरार आरोपी फेन्टा उर्फ फिरन्ता पारधी, मनोज उईके और ईशु उईके अपने गृह ग्राम जलसो आने वाले हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर विभिन्न टीमों का गठन किया और गांव में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।


