CHHATTISGARHraipurतिल्दा,नेवरा

अल्ट्राटेक बैकुंठ में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया श्रीहनुमान जन्मोत्सव

Hanuman Janmotsav Celebrated with Devotion and Enthusiasm at UltraTech Baikunth Cement Works

 

 

Repotar सौरभ यादव

36गढ़ न्यूज अपडेट,,,तिल्दा नेवरा/बैकुंठ (रायपुर) : छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा विकासखंड अंतर्गत स्थित औद्योगिक क्षेत्र में संचालित अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट वर्क्स में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रीहनुमान जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर हवन-पूजन, श्रीसुंदरकांड पाठ, भजन-कीर्तन, दीपदान एवं महाभंडारे का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही।

गौरतलब हो कि श्रीहनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर प्रातःकाल से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे यहां स्थित सुप्रसिद्ध श्रीहनुमान मंदिर में विधि-विधान के साथ विशेष पूजा, हवन एवं आरती संपन्न हुई। इस धार्मिक अनुष्ठान में संयंत्र के एफ.एच. टेक्निकल श्री राजीव सिंगल जी सपत्नीक मुख्य यजमान के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ मैकेनिकल हेड श्री अशोक मिश्रा जी भी सपत्नीक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संयंत्र के अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं महिलाओं की भी सक्रिय सहभागिता रही।

ज्ञात हो कि दोपहर बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण प्रारंभ हुआ। शाम 4 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें कालोनी की सरस्वती महिला मंडली द्वारा सुमधुर और भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी गई। भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया, जिससे उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

इसके पश्चात शाम 6 बजे से श्रीसुंदरकांड का सामूहिक पाठ आयोजित किया गया, जिसका आयोजन अरविंद प्रताप सिंह जी एवं उनके परिवार के सौजन्य से हुआ। इस दौरान पूरे परिसर में रामभक्ति की गूंज सुनाई देती रही। वहीं, श्रीमती नीतू सिंगल जी सहित उपस्थित महिलाओं द्वारा दीपदान किया गया, जिसने कार्यक्रम को और भी आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया।

इस अवसर कार्यक्रम के समापन अवसर पर श्रीहनुमान जी एवं श्रीरामायण जी की भव्य महाआरती की गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस दौरान मंदिर परिसर में मेले जैसा दृश्य देखने को मिला और भक्तों की भीड़ देर शाम तक बनी रही।

अवगत हो कि विशेष रूप से इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। साथ ही महाभंडारे का आयोजन भी किया गया, जो शाम 5 बजे से रात 11 बजे तक चला। भंडारे में हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। श्रद्धालुओं को पूड़ी, आलू-छोले, भटूरे, बूंदी एवं चावल का स्वादिष्ट प्रसाद वितरित किया गया। अनुमान के अनुसार करीब दो हजार से अधिक लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। व्यवस्था इतनी सुव्यवस्थित रही कि बड़ी संख्या में लोग कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण करते नजर आए।

इस आयोजन की खास बात यह रही कि इसमें स्थानीय अधिकारियों, कर्मचारियों, कालोनीवासियों एवं क्षेत्रवासियों के साथ-साथ अनेक श्रद्धालुओं ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में अशोक मिश्रा, गिरिजा शंकर मिश्रा, राजेंद्र कुमार साहू, जितेंद्र मिश्रा, ब्रजेश पटेल, गुरूदयाल साहू सहित अनेक लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

अंततः इस अवसर पर अल्ट्राटेक बैकुंठ सीमेंट वर्क्स प्रबंधन, अधिकारियों, कर्मचारियों, कालोनीवासियों एवं क्षेत्रवासियों के सामूहिक सहयोग से यह आयोजन अत्यंत भव्य और यादगार बन गया। यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र में आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनकर उभरा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest