ग्राम बिनैका में निःशुल्क चिकित्सा शिविर सम्पन्न, सैकड़ों ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य लाभ
Free Medical Camp Organized in Bineka Village, Hundreds Benefited from Health Services

रिपोर्टर: सौरभ यादव
36गढ़ न्यूज़ अपडेट ,,,तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम पंचायत बिनैका में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के सीएसआर मद से एक व्यापक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर समता फाउंडेशन, एमजीएम हॉस्पिटल रायपुर एवं उपाध्याय हॉस्पिटल रायपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों के सहयोग से पंचायत भवन में आयोजित हुआ।
शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के जरूरतमंद लोगों को सुलभ एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था। इस दौरान आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने नेत्र परीक्षण, रक्त जांच, बीपी, शुगर एवं सामान्य स्वास्थ्य जांच कराकर लाभ प्राप्त किया।
विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए पंजीकृत किया गया। शिविर में 3 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित किया गया, जिन्हें रायपुर ले जाकर एमजीएम हॉस्पिटल में निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। उनके आने-जाने एवं ठहरने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई है।
इस अवसर पर संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड की सीएसआर हेड शीतल गोयल ने जानकारी दी कि कंपनी द्वारा ग्राम पंचायत बिनैका में सीएसआर मद से शाला में रंगमंच निर्माण, सड़क का कंक्रीटीकरण एवं मंदिर के पास रंगमंच व कक्ष निर्माण जैसे विकास कार्य भी कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि संस्था समय-समय पर इस तरह के निःशुल्क शिविर आयोजित कर जरूरतमंदों की सहायता करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि छोटी-छोटी बीमारियों को नजरअंदाज न करें और समय पर डॉक्टर से परामर्श लें।
शिविर के दौरान ग्रामीणों को निःशुल्क दवाइयां एवं नजर के चश्मे भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बिनैका के सरपंच मुकेश बंजारे, उपसरपंच कमलेश ध्रुव, पंचगण एवं ग्राम के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शिविर को सफल बनाने में संभव स्टील ट्यूब्स लिमिटेड के एम जी के मूर्ति, सुचिता जैन, लक्ष्मी, राकेश कुमार निर्मलकर एवं जितेंद्र वर्मा का विशेष योगदान रहा।


