धूमधाम से मनाया गया हनुमान जन्मोत्सव, पूजा-अर्चना व भंडारे से भक्तिमय हुआ माहौल
Grand Celebration of Hanuman Janmotsav: Devotees Offer Prayers, Ramayan Recitals Create Spiritual Atmosphere, Community Feast Organized


तिल्दा-नेवरा। नगर सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों में हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह से ही श्रद्धालु पूजा सामग्री और प्रसाद लेकर हनुमान मंदिरों में पहुंचने लगे, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।
मंदिरों में शुभ मुहूर्त पर भक्तों ने भगवान हनुमान की पूजा कर गुलाब की माला, चोला और सिंदूर अर्पित करते हुए अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने पीपल के पत्तों पर “श्रीराम” लिखकर प्रभु को अर्पित किया।
पूरे नगर में भक्ति का माहौल देखने को मिला। विभिन्न हनुमान मंदिरों में दिनभर हनुमान चालीसा, सुंदरकांड, संगीतमय रामायण पाठ और भजन-कीर्तन का आयोजन होता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए।
हवन-पूजन के बाद जगह-जगह भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए खीर-पूड़ी, हलवा, फल, आइसक्रीम, कड़ी-चावल और शरबत सहित विभिन्न प्रकार के प्रसाद वितरित किए गए। लोगों ने अनुशासन के साथ कतारबद्ध होकर प्रसाद ग्रहण किया।
हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पूरा नगर भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।


