पार्किंग कॉम्प्लेक्स की मांग: क्या वास्तव में है जरूरी?

सारंगढ़। नगर में पार्किंग कॉम्प्लेक्स की मांग को लेकर कुछ वर्गों द्वारा आवाज उठाई जा रही है, परंतु इस मुद्दे पर एक पक्ष यह भी है कि क्या यह वास्तव में प्राथमिक आवश्यकता है? जब जिला गठन के तीन वर्ष बाद भी नगर में पेयजल, स्वच्छता, सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाएं अधूरी हैं, ऐसे में पार्किंग कॉम्प्लेक्स पर खर्च करना क्या तर्कसंगत होगा? नगर की मुख्य सड़क पर दुपहिया वाहनों की पार्किंग को समस्या बताया जा रहा है, जबकि वास्तविकता यह है कि ट्रैफिक प्रबंधन की कमी, अतिक्रमण, और यातायात नियमों का पालन न करना असल समस्याएं हैं। नगर प्रशासन यदि मौजूदा संसाधनों का बेहतर उपयोग करे, जैसे कि ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती, चालानी कार्रवाई और दुकानों के सामने नो-पार्किंग जोन चिह्नित करना—तो भीड़भाड़ पर आसानी से नियंत्रण पाया जा सकता है। पार्किंग कॉम्प्लेक्स बनाने में करोड़ों का खर्च आएगा, जबकि इससे होने वाला लाभ सीमित ही होगा। यह सुविधा चंद लोगों के लिए फायदेमंद होगी, जबकि आम जनता की बुनियादी समस्याएं वहीं की वहीं रहेंगी। बेहतर होगा कि प्रशासन प्राथमिकताओं को समझे और मूलभूत आवश्यकताओं पर ध्यान केंद्रित करे।


