अनुमति में देरी से आक्रोश, 75वें श्री विष्णु महायज्ञ एवं गणतंत्र मेला पर संकट

सारंगढ़। नगर की पहचान और जनआस्था से जुड़ा श्री विष्णु महायज्ञ एवं गणतंत्र मेला (हरि हाट) इस वर्ष भी प्रशासनिक उदासीनता का शिकार होता नजर आ रहा है। वर्ष 1952 से निरंतर आयोजित हो रहे इस ऐतिहासिक आयोजन के 75वें संस्करण के लिए अब तक अनुमति जारी नहीं होने से नगर सहित पूरे क्षेत्र में असंतोष गहराता जा रहा है। भगवान श्री परशुराम सेवा समिति, सारंगढ़ द्वारा कलेक्टर सारंगढ़–बिलाईगढ़ को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि मेला समिति ने 29 दिसंबर 2025 एवं 8 जनवरी 2026 को अनुविभागीय दंडाधिकारी सारंगढ़ के समक्ष आयोजन की अनुमति हेतु आवेदन प्रस्तुत किया था, लेकिन आज दिनांक तक अनुमति नहीं मिली। इससे आयोजन की आवश्यक तैयारियां ठप पड़ी हैं। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना से जुड़ा है। विश्व शांति, लोक कल्याण और देश के अमर शहीदों की स्मृति में आयोजित यह मेला सारंगढ़वासियों की आस्था का केंद्र रहा है।उल्लेखनीय है कि इस ऐतिहासिक मेले का आयोजन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद शुक्ल द्वारा प्रारंभ किया गया था, जिसे हाल के वर्षों में अनावश्यक रूप से विवादित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। समिति पदाधिकारियों ने इसे नगर व क्षेत्रवासियों की भावनाओं से खिलवाड़ बताया है और कलेक्टर से मांग की है कि वे शीघ्र हस्तक्षेप कर अनुविभागीय दंडाधिकारी को अनुमति जारी करने के निर्देश दें, ताकि परंपरा, आस्था और संस्कृति से जुड़े इस आयोजन की गरिमा बनी रहे।अब देखना यह है कि प्रशासन समय रहते जनभावनाओं का सम्मान करता है या वर्षों पुरानी परंपरा एक बार फिर फाइलों में उलझकर रह जाती है।




