देवसर में विकसित भारत ग्राम जी अधिनियम-2025 पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

सारंगढ़-बिलाईगढ़।
जिले के सारंगढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत मल्दा के आश्रित ग्राम देवसर में ‘विकसित भारत ग्राम जी अधिनियम-2025’ (VBGRG) को लेकर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडेय ने विकसित ग्राम पंचायत योजना के अंतर्गत किए जाने वाले सभी कार्यों को विकसित भारत नेशनल एवं इंफ्रास्ट्रक्चर स्टेट से एकीकृत किए जाने की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस कानून के तहत ग्रामीणों को 125 दिवस रोजगार की गारंटी, 7 दिवस के भीतर अनिवार्य मजदूरी भुगतान, GIS आधारित पीएम गति शक्ति योजना के माध्यम से कार्यों की निगरानी का प्रावधान किया गया है। वर्षा ऋतु में खेती-किसानी को ध्यान में रखते हुए कृषि हित में दो माह तक कार्य बंद रखने का भी प्रावधान शामिल है। इसके साथ ही प्राकृतिक आपदाओं एवं असाधारण परिस्थितियों में विशेष कार्य योजना भी बनाई गई है।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि प्रशासकीय मद की राशि में 9 प्रतिशत की वृद्धि की गई है तथा ग्राम पंचायतों को वर्ष 2047 तक विकसित ग्राम पंचायत के रूप में तैयार करने की परिकल्पना की गई है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, संचालन, मार्गदर्शन, समन्वय एवं मॉनिटरिंग के लिए राज्य स्तरीय संचालन समिति का गठन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस कानून के अंतर्गत सामूहिक जल सुरक्षा, ग्रामीण बुनियादी ढांचा, आजीविका सृजन, संपत्ति निर्माण एवं जलवायु संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही राज्य के लिए मानक बजट स्वीकृति की जाएगी, जबकि निर्धारित सीमा से अधिक राशि होने पर देनदारी राज्य सरकार की होगी।
सभा को संबोधित करते हुए संजय भूषण पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से अब तक ग्रामीण विकास और रोजगार के क्षेत्र में हुई उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत ग्राम जी अधिनियम-2025 ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने और युवाओं के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, जो आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य डॉ. हरिहर जयसवाल, सरपंच मल्दा रोहित पटेल, उपसरपंच, जनपद सदस्यगण, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी का स्वागत, वंदन एवं अभिनंदन किया।


