ऑपरेशन आघात: जशपुर पुलिस ने 520 किलो गांजा किया जब्त, 4 तस्कर गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com


जशपुर, 27 अगस्त 2026
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में 520 किलो गांजा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन वाहन भी जब्त किए हैं।



पुलिस के अनुसार, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 60 लाख रुपये और जब्त वाहनों की कीमत करीब 40 लाख रुपये है। इस तरह कुल जब्ती करीब 3 करोड़ रुपये की बताई गई है।
कुनकुरी में 494 किलो गांजा बरामद
कुनकुरी पुलिस 27 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान तपकरा की ओर से आ रही एक बिना नंबर की बोलेरो पिकअप की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने वाहन को रोककर तलाशी ली।

वाहन में सब्जियों की ट्रे के नीचे छिपाकर रखी छह बोरियों से 120 पैकेट गांजा बरामद हुआ। जांच में गांजे का वजन करीब 246 किलो पाया गया।
मौके से पुलिस ने अनवर अंसारी, उम्र 45 वर्ष, निवासी रोहतास, बिहार और दिनेश कुमार केसरी, उम्र 26 वर्ष, निवासी कैमूर, बिहार को गिरफ्तार किया।
इसी दौरान पुलिस को एक बिना नंबर की सेल्टोस कार तेज गति से जाती दिखाई दी। पुलिस ने पीछा किया तो चालक सालियाटोली के पास वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर 120 पैकेटों में करीब 248 किलो गांजा बरामद हुआ। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
इस तरह कुनकुरी क्षेत्र से कुल 494 किलो गांजा और दो वाहन जब्त किए गए।
नारायणपुर में 26 किलो गांजा पकड़ा
नारायणपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक स्विफ्ट डिजायर कार से गांजा ले जाया जा रहा है। पुलिस ने नारायणपुर चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
कार की डिक्की से छिपाकर रखे 17 पैकेटों में करीब 26 किलो गांजा बरामद हुआ।
मौके से कमल किशोर ओझा, उम्र 56 वर्ष और अनिता सोनी, उम्र 35 वर्ष, दोनों निवासी शिवपुरी, मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त कर ली।
ओडिशा से उत्तर प्रदेश तक तस्करी की जांच
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाने की बात बताई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा ओडिशा में कहां से लिया गया था और उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था।
पुलिस तस्करी से जुड़े सप्लायर, खरीदार और अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
सभी मामलों में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच की जा रही है।
करीब 3 करोड़ रुपये की जब्ती
जशपुर पुलिस की कार्रवाई में कुल 520 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2.60 करोड़ रुपये, तथा तस्करी में इस्तेमाल तीन वाहन, जिनकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई गई है, जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती करीब 3 करोड़ रुपये की है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन आघात’ लगातार जारी रहेगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



